चौधरी के नया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने पर योगी ने कहा-सरकार और संगठन मिलकर काम करेंगे
सलीम आनन्द अमित
- 14 Dec 2025, 11:28 PM
- Updated: 11:28 PM
लखनऊ, 14 दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को बधाई देते हुए रविवार को कहा कि अब सरकार और संगठन मिलकर नयी ऊर्जा और तेजी के साथ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृष्टि के अनुसार काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने चौधरी को निर्विरोध प्रदेश भाजपा अध्यक्ष घोषित किये जाने के बाद समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक अनुभवी कार्यकर्ता को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष का दायित्व मिलने के साथ ही प्रदेश में अब नयी गति के साथ सरकार और संगठन मिलकर प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्य को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के साथ संगठन पर्व का यह दायित्व उत्तर प्रदेश के अंदर अपनी पूर्णाहुति की ओर अग्रसर हो चुका है लेकिन नये दायित्व के कार्य हम सबके सामने नयी चुनौती के साथ खड़े हैं।”
योगी आदित्यनाथ ने निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को उनके साढ़े तीन साल के कार्यकाल के दौरान पार्टी को मजबूत करने का श्रेय दिया।
आदित्यनाथ ने निर्वाचन की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण और प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े आठ वर्ष में जो भी परिवर्तन हुए हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और ‘डबल इंजन’ सरकार की ‘डबल इंजन स्पीड’ के जरिए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत और परिश्रम का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के बारे में पहले जो नजरिया था, वह बदला है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया, “पिछले साढ़े आठ सालों में उत्तर प्रदेश में पौने नौ लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी बिना किसी भेदभाव के प्राप्त हुई है। अब तक 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की योजनाएं जमीनी धरातल पर उतरी हैं।”
उन्होंने सहयोग के लिए केंद्रीय नेतृत्व की भी सराहना की और कहा, ”योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से जब भी सहयोग मांगा, हमें पूरी तत्परता से प्राप्त हुआ। उसके बल पर ‘डबल इंजन’ सरकार की सामर्थ्य और शक्ति से उत्तर प्रदेश प्रगति के नये रास्तों पर आगे बढ़ रहा है।”
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के राम मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम और मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी देवी धाम का जिक्र करते हुए कहा कि सभी तीर्थों की वैश्विक मानचित्र पर पुनर्स्थापना का कार्य आज प्रभावी ढंग से ‘डबल इंजन’ की सरकार आगे बढ़ा रही है। आदित्यनाथ ने कहा कि यह काम इसलिए हो पा रहा है क्योंकि जनमानस को भी विश्वास है कि सरकार करेगी तो अच्छा ही करेगी।
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाता सूची सत्यापन को तेज करने का आग्रह किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपात्र नामों की पहचान करने और उनके खिलाफ आपत्ति दर्ज करने के लिए कहा और इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि वास्तविक मतदाताओं को ही सूची में शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार ने लखनऊ में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल विकसित किया है, जहां भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, साथ ही एक समर्पित संग्रहालय भी बनाया गया है।
इस स्थल का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में होने की उम्मीद है, जिसके बाद एक बड़ी जनसभा होगी।
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सम्बोधित किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष चौधरी के नेतृत्व में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 325 से अधिक सीट जीतने और समाजवादी पार्टी के कथित ‘फर्जी पीडीए’ की राजनीति को पूरी तरह खारिज करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में सरकार और संगठन की पूरी टीम पूरी ताकत के साथ काम करेंगी। मैं आप सबसे निवेदन करूंगा कि 2027 में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ना है।”
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी सम्बोधित किया।
भाषा सलीम आनन्द