ममता के भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से शुभेंदु के नंदीग्राम की तुलना में चार गुणा अधिक नाम सूची से हटे
राजकुमार अमित
- 12 Dec 2025, 11:24 PM
- Updated: 11:24 PM
कोलकाता, 12 दिसंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र उन निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है जहां सबसे अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र की तुलना में भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से लगभग चार गुना अधिक नाम हटाये गए हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी किये गये निर्वाचन वार आंकड़े से यह जानकारी सामने आयी।
निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत जनगणना प्रपत्र जमा करने की समय सीमा समाप्त होने के एक दिन बाद आंकड़े जारी किए, जिससे राज्य भर में महत्वपूर्ण भिन्नताएं सामने आईं।
आंकड़े से पता चला है कि दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में जनवरी 2025 में सूचीबद्ध 2,06,295 मतदाताओं में से 44,787 नाम हटाए गए। भवानीपुर व्यापक रूप से बनर्जी का गढ़ माना जाता है।
वहीं नंदीग्राम में 2,78,212 मतदाताओं में से 10,599 नाम हटाए गए। नंदीग्राम 2011 में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में लाने वाले भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र था और अब यह शुभेदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है।
आयोग ने कहा कि ये नाम मृत्यु, स्थानांतरण, पता नहीं चल पाने वाले पते और दोहराव प्रविष्टियों जैसी मानक श्रेणियों के तहत हटाये गये हैं।
भवानीपुर पर राजनीतिक ध्यान केंद्रित होने के बावजूद, यह मतदाता सूची से सबसे अधिक नाम हटाए जाने वाला निर्वाचन क्षेत्र नहीं है।
राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में से, सबसे अधिक नाम उत्तरी कोलकाता के चौरंगी में हटाए गए, जहां का प्रतिनिधित्व तृणमूल विधायक नयना बंद्योपाध्याय कर रही हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 74,553 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
तीन बार की विधायक नयना ने 2021 में 44,000 से अधिक वोट के अंतर से यह सीट जीती थी।
वरिष्ठ मंत्री और महापौर फिरहाद हकीम के निर्वाचन क्षेत्र कोलकाता पोर्ट निर्वाचन क्षेत्र से 63,730 नाम हटाए गए हैं। तीन बार के विधायक हकीम ने लगभग 70,000 वोट के अंतर से यह सीट जीती थी, जिसने निर्वाचन क्षेत्र पर उनकी पकड़ मजबूत कर दी थी।
मंत्री अरूप बिस्वास के निर्वाचन क्षेत्र टॉलीगंज में 35,309 नाम हटाए गए हैं।
जिला स्तरीय आंकड़े के अनुसार, दक्षिण 24 परगना में सबसे अधिक 8,16,047 नाम हटाये गए हैं।
यह जिला तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है, जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में डायमंड हार्बर से 7 लाख से अधिक वोट के अंतर से जीत हासिल की थी।
भाषा राजकुमार