आंध्र प्रदेश में बस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत, 23 अन्य घायल
शफीक नेत्रपाल
- 12 Dec 2025, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
(फोटो के साथ)
चिंतूर (आंध्र प्रदेश), 12 दिसंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में शुक्रवार को एक बस सड़क से फिसलकर पलट गई, जिससे कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मंत्री एम राम प्रसाद रेड्डी ने मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये और घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की है।
पुलिस ने बताया कि पड़ोसी राज्य तेलंगाना जा रही बस में चालक और खलासी समेत 37 लोग सवार थे।
पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि दुर्घटना एक दुर्गा मंदिर के पास चिंतूर-मारेदुमिल्ली घाट सड़क पर सुबह करीब 4:30 बजे हुई।
बरदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘घाट रोड सड़क से बस के नीचे गिर जाने के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। बस पलट गई... और वहीं फंस गई।’’
उन्होंने कहा कि घायलों में से चार की हालत गंभीर है।
अधिकारी के अनुसार, संभवतः घने कोहरे के कारण बस चालक दुर्घटनास्थल पर स्थित मोड़ को नहीं देख पाया।
पुलिस ने बताया कि बस ऊंचाई वाले घाट मार्ग से नीचे गिर गई थी। दुर्घटना ‘चाइना वॉल’ के पास हुई, जिसे वाहनों को सड़क से गिरने से रोकने के लिए बनाया गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘गंभीर रूप से घायल चारों व्यक्तियों की हालत पहले से बेहतर है।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस में चित्तूर क्षेत्र के लोग सवार थे, जो अरकु की यात्रा के बाद तेलंगाना जिले के भद्राचलम स्थित श्री राम मंदिर जा रहे थे।
मोथुगुडेम थाने ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने से मृत्यु का कारण बनने से संबंधित) के तहत मामला दर्ज किया है।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री नायडू ने दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों से बात की और घायलों को दिए जा रहे उपचार के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों ने नायडू को सूचित किया कि घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए चिंतूरु अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भेजा गया है।
भाषा शफीक