मध्यप्रदेश से इंडिगो की 20 उड़ानें रद्द, हालात में सुधार : अधिकारी
दिमो सुरभि
- 07 Dec 2025, 12:02 AM
- Updated: 12:02 AM
भोपाल, छह दिसंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के पांच हवाई अड्डों से शनिवार को इंडिगो की कुल 20 उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हालांकि पिछले दिनों की तुलना में उड़ानों के रद्द होने की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे सेवा में लगभग 50 प्रतिशत का सुधार दिखता है। पिछले कुछ दिनों में आगमन और प्रस्थान सहित 85 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में 26, भोपाल में आठ और जबलपुर में छह उड़ानें रद्द हुईं।
उन्होंने बताया कि ज्यादा हवाई किराए के बावजूद शनिवार को यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ कोई बड़ी शिकायत नहीं की और उनका गुस्सा एक दिन पहले की तुलना में काफी कम था।
खजुराहो हवाई अड्डे के निदेशक संतोष सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खजुराहो या ग्वालियर में इंडिगो के विमान परिचालन की कोई गतिविधि रद्द नहीं हुई।
ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डे के निदेशक लोकेश यादव ने बताया कि अपराह्न 2:15 बजे की इंडिगो की मुंबई जाने वाली उड़ान में एक घंटे की देर हुई। वहीं, शाम 4:10 बजे की दिल्ली जाने वाली उड़ान 40 मिनट देरी से रवाना हुई।
इंदौर के देवी अहिल्या बाई होल्कर हवाई अड्डे से रोजाना इंडिगो की करीब 70 उड़ानों का आगमन और प्रस्थान होता है। हवाई अड्डा के निदेशक सुनील मग्गिरवार ने बताया कि आगमन की 13 और प्रस्थान की 13 उड़ानों सहित 26 उड़ानें शाम चार बजे तक रद्द कर दी गईं।
उन्होंने दावा किया कि एयरलाइन ने यात्रियों को तुरंत राशि वापस कर दी। जो लोग अपनी यात्रा पुनर्निधारित कर रहे थे, उनके लिए खाना, पानी और होटल में ठहरने का इंतजाम किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, हालात 50 प्रतिशत बेहतर हुए हैं। मुझे लगता है कि दो से तीन दिन में संचालन सामान्य हो जाएंगे।’’
मग्गिरवार ने कहा, ‘‘मैंने हवाई अड्डे की दुकानों को खाने-पीने एवं अन्य जरूरी चीजों का पर्याप्त भंडार रखने का निर्देश दिया है। शौचालय नियमित साफ किए जा रहे हैं और बैठने एवं आराम करने का इंतजाम बढ़ा दिया गया है।’’
राजा भोज हवाई अड्डा के निदेशक रामजी अवस्थी ने बताया कि भोपाल में इंडिगो की आठ उड़ानें रद्द कर दी गईं। उन्होंने बताया कि 30 तय उड़ानों में से 22 का परिचालन हुआ।
हवाई अड्डा निदेशक राजीव रतन पांडे के मुताबिक, जबलपुर के डुमना हवाई अड्डा पर आगमन और प्रस्थान की कुल 12 में से आगमन की तीन और प्रस्थान की तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं।
भोपाल हवाई अड्डे पर उतरे एक यात्री अभिषेक माहेश्वरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्हें पिछले दो दिनों से परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे दो दिन पहले विमान से इंदौर से दिल्ली जाना था। उड़ान में तीन घंटे की देरी थी। इसके लिए दो दिनों से मेरे टिकट निरस्त हो रहे थे। यहां से मुझे इंदौर के लिए बस पकड़नी पड़ी क्योंकि भोपाल से दिल्ली के लिए कोई सीट खाली नहीं थी।’’
मलेशिया से लौटे शैलाष चौधरी ने कहा कि उन्हें भोपाल के लिए अपनी ‘कनेक्टिंग फ्लाइट’ मिलने में काफी मुश्किल हुई। उन्होंने कहा, ‘‘वे (एयरलाइन) उड़ानों की जानकारी नहीं दे रहे हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इंडिगो अधिकारियों के कहने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के लोग यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे में घुसने नहीं दे रहे हैं। कल एअर इंडिया का एक टिकट 25,000 रुपये का था। रेलवे की तत्काल सेवा में भी कोई टिकट नहीं था।’’
उन्होंने कहा कि अगर उड़ानें रद्द होती हैं, तो उन्हें कम से कम यात्रियों को बताना चाहिए ताकि वे होटल में जा सकें।
दिल्ली से भोपाल आए प्रभात कुमार ने कहा कि हवाई अड्डे पर हालात सुधरे हैं। हवाई किराया अधिक होने की बात पर उन्होंने कहा कि ट्रेन के टिकट भी महंगे हैं।
भाषा दिमो