ट्रॉमा सेंटर में सुविधाओं को बढ़ाएगी राजस्थान सरकार
खारी
- 22 Nov 2025, 08:56 PM
- Updated: 08:56 PM
जयपुर, 22 नवंबर (भाषा) राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और हादसों में जीवन रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार की जाएगी। साथ ही ‘ट्रॉमा केयर’ नीति बनाई जाएगी और ट्रॉमा सेंटर का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण करते हुए इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रेणी-एक और श्रेणी-दो सेंटर का युद्ध स्तर पर सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। राज्य सरकार इसके लिए जल्द ही रूपरेखा तैयार करेगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित कमेटी के दिशा-निर्देशानुसार राज्य में सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी पहलुओं पर गहन अध्ययन और निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेशभर में सड़क हादसों के दौरान त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए ट्रॉमा सेंटर में सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
इसमें कहा गया कि सेटर में पर्याप्त संख्या में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) के बिस्तर, जीवन रक्षक उपकरण, जांच और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, रोगी भार के अनुपात में पूर्णत: प्रशिक्षित चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन कक्ष, आईसीयू और वार्ड का निरीक्षण किया, उपलब्ध सुविधाओं और उपचार प्रक्रिया का जायजा लिया, और रोगियों एवं उनके परिजनों से सुझाव भी लिया।
उन्होंने बीएलएस प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से संवाद किया। अब तक यहां 8,000 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि वे आपातकाल के शुरुआती चरणों में सहायता कर सकें।
निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मरीज भार, उपलब्ध संसाधनों और मानव संसाधन की जानकारी ली। साथ ही, राज्य के अन्य ट्रॉमा सेंटर की स्थिति का भी जायजा लिया।
प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा) गायत्री राठौड़ ने ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
भाषा पृथ्वी