कर्नाटक की प्रशासनिक व्यवस्था कांग्रेस की अंतर्कलह से ध्वस्त हो रही : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
धीरज माधव
- 22 Nov 2025, 08:51 PM
- Updated: 08:51 PM
नयी दिल्ली, 22 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच कथित खींचतान की खबरों के बीच शनिवार को दावा किया कि प्रशासन पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और सत्तारूढ़ कांग्रेस के अंदर अंतर्कलह की वजह से कोई विकास कार्य नहीं हो रहा है।
विजयेंद्र ने इन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि भाजपा कर्नाटक में परेशानी के माहौल का लाभ उठाने या सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर सत्ता संघर्ष के बारे में भ्रामक सूचना फैलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि ‘अक्टूबर क्रांति’ और ‘नवंबर क्रांति’ के दावे कांग्रेस के मंत्री और विधायक ही कर रहे हैं।
विजयेंद्र ने कहा, ‘‘हमें इसमें बिल्कुल भी रुचि नहीं है। हम विपक्ष में बहुत ही सहज हैं। जनादेश बहुत स्पष्ट है। लोग चाहते थे कि भाजपा विपक्ष में बैठे। जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है। हमें कांग्रेस पार्टी के भीतर हो रही घटनाओं में कोई रुचि नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा की केवल यह मांग है कि राज्य के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।
भाजपा के दावों पर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार अपने चुनावी घोषणापत्र में ढाई साल पहले किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सप्ताह में चार दिन दिल्ली में समय बिता रहे हैं। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के लिए प्रयासरत हैं... उनके अंदरूनी विवाद के कारण पूरी कैबिनेट और सत्ताधारी पार्टी के विधायक दिल्ली में ठहरे हुए हैं, जिसका प्रशासन पर सीधा असर पड़ा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके अंदरूनी झगड़ों के कारण पूरा प्रशासन ध्वस्त हो गया है... कर्नाटक का क्या होगा? उन्हें कर्नाटक के लोगों और उनकी समस्याओं की बिल्कुल भी चिंता नहीं है। कानून और व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बिगड़ रही है। खुलेआम डकैती हो रही है। हत्या हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि कर्नाटक के लोग भी महसूस करते हैं कि उन्हें कांग्रेस सरकार ने निराश किया है। जनता को लगता है कि उन्हें इस शासन द्वारा धोखा दिया गया है।’’
विजयेंद्र ने कर्नाटक सरकार में ‘‘भारी भ्रष्टाचार’’ का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक कांग्रेस उच्च कमान के लिए एक एटीएम बन गया है।’’
उन्होंने सिद्धारमैया सरकार को ‘‘पूर्णतः विफल’’ करार देते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पिछले ढाई साल में बड़े-बड़े उपलब्धियों का दावा कर रहे हैं। जबकि प्रशासन ध्वस्त हो चुका है और राज्य में कोई विकास कार्य नहीं हो रहा, तो उन्होंने कौन सी उपलब्धि हासिल की?’’
भाषा धीरज