कर्नाटक और महाराष्ट्र पारी की जीत से ग्रुप बी में शीर्ष दो स्थानों पर
आनन्द सुधीर
- 18 Nov 2025, 06:05 PM
- Updated: 06:05 PM
हुबली, 18 नवंबर (भाषा) स्पिनर श्रेयस गोपाल और शिखर शेट्टी की शानदार गेंदबाजी की बदौलत कर्नाटक ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के तीसरे दिन चंडीगढ़ को पारी और 185 रनों से हरा दिया।
चंडीगढ़ की टीम ने मैच के तीसरे दिन अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 72 रन से आगे खेलना शुरू किया और कप्तान मनन वोहरा के नाबाद 106 रनों के बावजूद 222 रनों पर ढेर हो गई।
लेग स्पिनर श्रेयस (73 रन पर सात विकेट) ने पहली पारी में चंडीगढ़ की बल्लेबाजी को तहस-नहस करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें शेट्टी (43 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला।
कर्नाटक ने अपनी पहली पारी को आठ विकेट पर 547 रन पर घोषित किया था और 325 रन की बड़ी बढ़त लेने के बाद उसने चंडीगढ़ को फॉलोऑन देने में संकोच नहीं किया।
बीस साल के बायें हाथ के स्पिनर शेट्टी ने दूसरी पारी में 61 रन देकर पांच विकेट जिससे चंडीगढ़ की टीम महज 140 रन पर आउट हो गयी। इस पारी में श्रेयस ने 45 रन पर तीन विकेट लेकर सहायक की भूमिका निभाई।
श्रेयस (10 विकेट) और शेट्टी (सात विकेट) ने इस तरह चंडीगढ़ के 20 में से 17 विकेट आपस में साझा किये।
इस जीत से बोनस सहित सात अंक हासिल कर कर्नाटक ग्रुप बी में 21 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
महाराष्ट्र ने ग्रुप के एक अन्य मैच में पंजाब को पारी और 92 रन से हराया और पांच मैचों से 18 अंक के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
बाएं स्पिनर विक्की ओस्तवाल दूसरी पारी में 26 रन पर छह विकेट जबकि तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर ने पहली पारी में 44 रन पर पांच विकेट लेकर महाराष्ट्र को बड़ी जीत दिलाई।
मुल्लांपुर में खेले गये इस मैच में महाराष्ट्र के 350 रन के जवाब में पंजाब की टीम पहली पारी में 151 और फॉलोऑन करते हुए दूसरी पारी में 107 रन पर आउट हो गयी।
सौराष्ट्र ने राजकोट में गोवा की पहली पारी को 358 रन पर समेटने के बाद फॉलोऑन दिया और दूसरी पारी में 77 रन पर दो विकेट लेकर अपना शिकंजा कस दिया।
सौराष्ट्र ने पहली पारी सात विकेट पर 587 रन पर घोषित की। गोवा अभी 150 रन पीछे है।
इंदौर में केरल ने मध्य प्रदेश के खिलाफ दूसरी पारी में तीन विकेट पर 218 रन बनाकर अपनी बढत 315 रन तक पहुंचा ली। सचिन बेबी 81 और बाबा अपराजित 85 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पहली पारी में केरल के 281 रन के जवाब में मध्यप्रदेश ने 192 रन बनाये थे।
भाषा आनन्द