उप्र: संभल प्रशासन प्रस्तावित मंदिर पदयात्रा पर फैसला लेगा, मस्जिद समिति ने जताई आपत्ति
सं जफर जितेंद्र
- 18 Nov 2025, 05:55 PM
- Updated: 05:55 PM
संभल, 18 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल में जिला प्रशासन विवादित हरिहर मंदिर-शाही जामा मस्जिद स्थल की परिधि में बुधवार को होने वाली पदयात्रा के संबंध में फैसला लेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हालांकि इस घोषणा पर मस्जिद समिति ने आपत्ति जताई है।
केला देवी मंदिर के महंत और अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना के संस्थापक ऋषि राज गिरि ने 19 नवंबर को एक दिवसीय ‘हरिहर मंदिर पदयात्रा’ की घोषणा की और इस दौरान श्रद्धालु विवादित परिसर के चारों ओर 2.5 किलोमीटर की परिक्रमा करेंगे।
ऋषि राज गिरि मौजूदा अदालती मामले में भी याचिकाकर्ता हैं, जिसमें दावा किया गया कि यह ढांचा हरिहर मंदिर है।
गिरि ने पत्रकारों से कहा कि यह यात्रा पूर्वाह्न 10 बजे शुरू होगी और सागरपुर, सकरपुर, खिरनी व मोतीनगर होते हुए परिक्रमा पूरी कर केला देवी मंदिर वापस आएगी।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य प्रतीकात्मक रूप से स्थल के धार्मिक महत्व को दर्शाना है और पदयात्रा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी।
गिरि ने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है और दावा किया कि यह पदयात्रा संभल में धारा 163 बीएनएसएस के तहत लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन नहीं करेगी।
शाही जामा मस्जिद समिति के अध्यक्ष जफर अली ने हालांकि इस पदयात्रा का विरोध करते हुए इसे एक नई प्रथा शुरू करने का ‘गैरकानूनी’ प्रयास बताया।
उन्होंने कहा कि मस्जिद के चारों ओर ऐसी कोई परिक्रमा कभी नहीं हुई है, न तो 1976 में और न ही 1978 में।
अली ने चेतावनी दी कि इसकी अनुमति देने से सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है।
अली ने संवेदनशील स्थिति और शांति बनाए रखने की आवश्यकता का हवाला देते हुए प्रशासन से अनुमति न देने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि प्रशासन इस मुद्दे की समीक्षा करेगा और मंगलवार देर शाम इसपर फैसला लेगा।
उन्होंने संभल में धारा 163 बीएनएसएस के लागू होने की पुष्टि की और कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था पहले ही मजबूत कर दी गई है, खासकर 24 नवंबर से पहले।
शाही जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर विवाद फिलहाल उच्चतम न्यायालय और एक जिला अदालत में विचाराधीन है।
पिछले साल 24 नवंबर को इसी जगह पर एक सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा में चार लोग मारे गए थे।
भाषा सं जफर