सीमा पर अनचाहे संघर्ष रोकने के लिए दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया को वार्ता का प्रस्ताव दिया
एपी संतोष सुरेश
- 17 Nov 2025, 06:27 PM
- Updated: 06:27 PM
सियोल, 17 नवंबर (एपी) दक्षिण कोरिया ने प्रतिद्वंद्वी देश की सीमा रेखा को स्पष्ट करने और सैन्य तनाव कम करने के लिए उत्तर कोरिया के साथ बातचीत का प्रस्ताव रखा है।
दक्षिण कोरिया ने सोमवार को कहा कि उत्तर कोरियाई सैनिकों द्वारा बार-बार सीमा पर घुसपैठ करने से सशस्त्र संघर्ष को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
दक्षिण कोरिया की सेना का कहना है कि पिछले वर्ष से उत्तर कोरियाई सैनिक अपनी अग्रिम मोर्चा रक्षा मजबूत करने के लिए किए जा रहे काम के दौरान कई बार सीमा रेखा का उल्लंघन करते हुए अंदर आ गए थे तथा उन्हें पीछे हटाने के लिए दक्षिण कोरियाई सेना को चेतावनी के तौर पर गोलियां चलानी पड़ी हैं। उत्तर कोरिया ने इससे इनकार किया है और अनिर्दिष्ट जवाब देने की धमकी देते हुए कहा है कि उसके सैनिक उत्तर कोरियाई क्षेत्र में काम करते हैं।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय रक्षा नीति उपमंत्री किम होंग-चेओल ने सोमवार को कहा कि दक्षिण कोरिया अनचाहे सशस्त्र संघर्ष को रोकने और उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करने के लिए सैन्य वार्ता की पेशकश कर रहा है।
किम ने कहा कि उत्तर कोरिया की सीमा पर घुसपैठ संभवतः सीमा रेखा को लेकर दोनों देशों के अलग-अलग विचारों के कारण हुई, क्योंकि 1950-53 के कोरियाई युद्ध के अंत में सीमा रेखा पर स्थापित कई सैन्य चौकियां नष्ट हो चुकी हैं।
यह स्पष्ट नहीं है कि उत्तर कोरिया, पड़ोसी दक्षिण कोरिया के वार्ता के प्रस्ताव को स्वीकार करेगा या नहीं, क्योंकि उत्तर कोरिया अपने पड़ोसी देश के साथ-साथ अमेरिका के साथ सभी प्रकार की बातचीत से परहेज कर रहा है।
कुछ पर्यवेक्षकों का कहना है कि दक्षिण कोरिया की वार्ता की पेशकश, राष्ट्रपति ली जे म्युंग के नेतृत्व वाली उदार सरकार द्वारा उत्तर कोरिया के साथ संचार चैनलों को फिर से खोलने के प्रयासों का हिस्सा है।
पिछले साल किम ने घोषणा की थी कि उत्तर कोरिया दोनों कोरियाई देशों के बीच शांतिपूर्ण एकीकरण के अपने दीर्घकालिक लक्ष्यों को त्याग रहा है। उन्होंने उत्तर कोरिया के संविधान में बदलाव करने का निर्देश भी दिया, ताकि दक्षिण कोरिया को स्थायी दुश्मन के रूप में दर्ज किया जा सके।
दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि उसने तब से उत्तर कोरिया द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में टैंक-रोधी अवरोधों को बढ़ाने और अधिक बारूदी सुरंगें लगाने का पता लगाया है।
एपी संतोष