श्रावस्ती में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोग मृत पाए गए, पुलिस जांच में जुटी
सं जफर संतोष मनीषा संतोष
- 14 Nov 2025, 03:23 PM
- Updated: 03:23 PM
श्रावस्ती (उप्र), 14 नवंबर (भाषा) श्रावस्ती जिले के कैलाशपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक परिवार के तीन छोटे बच्चों सहित पांच लोगों के शव संदिग्ध हालत में घर से बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि जिले के इकौना थाना अंतर्गत कैलाशपुर गांव से सूचना मिली कि एक परिवार के पांच लोग घर के कमरे में मृत पाए गये हैं।
मृतकों की पहचान रोज अली (35), रोज अली की पत्नी शहनाज (30), इनके तीन छोटे बच्चे तबस्ससुम (06), गुलनाज (04) व मोइन (02) के रूप में की गयी है।
पुलिस ने बताया कि सभी घर के एक कमरे में सोए थे, लेकिन सुबह इनके शव पाए गए। सूचना मिलने पर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
अभी तक घटना के पीछे के कारण की जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का जांच दल तथा फोरेंसिक टीम घटनास्थल के साथ शवों की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने संवाददाताओं से बताया कि इकौना थानान्तर्गत कैलाशपुर के मजरा मनिहारनपुरवा के एक घर में आज सुबह पांच लोगों के शव पाए जाने की खबर मिली थी।
भाटी ने कहा कि फोरेंसिक जांच दल और वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचे पर मालूम हुआ कि जिस कमरे में शव थे वह कमरा अंदर से बंद था।
भाटी ने बताया कि ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो रोज अली का शव पंखे से बंधे एक फंदे से लटका था जिसे लोगों ने उतारा।
उन्होंने बताया कि आरंभिक जांच व साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि रोज अली ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी तथा इसके बाद बच्चों की भी गला दबाकर हत्या कर दी।
उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत दम घुटने से हुई है। घटनास्थल से जो आरंभिक साक्ष्य मिले हैं उनके अनुसार बच्चों की मौत का स्पष्ट कारण दम घुटना प्रतीत हो रहा है।
भाटी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सभी मौतों का कारण और अधिक स्पष्ट हो सकेगा।
भाटी ने बताया कि आरंभिक जांच में पता चला है कि कुछ दिन पूर्व मृतक रोज अली व उनकी पत्नी शहनाज के बीच मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे के और भी कारण हो सकते हैं, जिनका पता लगाया जा रहा है।
इकौना थाना प्रभारी अखिलेश पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बताया कि मृतक रोज अली अपने परिवार के साथ मुंबई में रहकर वहां राज मिस्त्री का काम करता था और करीब 10 दिन पहले ही वह पत्नी और बच्चों को लेकर घर लौटा था।
उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच काफी मनमुटाव था और विवाद बढ़ने पर पत्नी के मायके वालों ने उसे मायके में आकर रहने के लिए कहा था।
भाषा सं जफर संतोष मनीषा