दिल्ली में लाल किले के पास धमाके पर नेताओं ने दुख जताया
अमित माधव
- 10 Nov 2025, 09:36 PM
- Updated: 09:36 PM
नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए धमाके की घटना पर कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नयी दिल्ली में हुए धमाके की दुखद घटना के बारे में सुनकर गहरा सदमा लगा है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजन को खोया है और मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके की कड़ी निंदा की और विश्वास व्यक्त किया कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
नागेंद्रन ने कहा कि वह नयी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास लाल किले के पास हुए धमाके से बेहद स्तब्ध और दुखी हैं। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्ट में आठ लोगों की मौत होने की बात कही गई है। निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर, वह भी इतने ऐतिहासिक स्मारक के पास, की गई इस मूर्खतापूर्ण हिंसा की कड़ी निंदा की जाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन लोगों के परिजनों और रिश्तेदारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुझे विश्वास है कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को शीघ्र ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।’’
वहीं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। पटनायक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लाल किले के पास हुए धमाके में लोगों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन शोकाकुल परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजन को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक चलती कार में हुए धमाके में आठ लोगों की मौत होने के अलावा 24 लोग घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसमें कई वाहन भी जलकर खाक हो गए।
भाषा अमित