नुआपाड़ा उपचुनाव: माझी, साय छह नवंबर को, पटनायक सात नवंबर को प्रचार करेंगे
तान्या पवनेश
- 05 Nov 2025, 09:11 PM
- Updated: 09:11 PM
भुवनेश्वर, पांच नवंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और छत्तीसगढ़ के उनके समकक्ष विष्णु देव साय बृहस्पतिवार को नुआपाड़ा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया के लिए प्रचार करेंगे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
माझी बृहस्पतिवार को नुआपाड़ा के कोम्ना खंड में रोड शो करेंगे, जबकि साय पंचमपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
ओडिशा का नुआपाड़ा जिला छत्तीसगढ़ के महासमुंद और गरियाबंद की सीमा से लगा हुआ है।
इससे पहले, माझी 16 अक्टूबर को भाजपा के 'विजय संकल्प समावेश' कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने पिछली बीजद सरकार पर तीखा हमला बोला था और उस पर राज्य में 24 साल के अपने शासन के दौरान नुआपाड़ा की उपेक्षा करने का आरोप लगाया था।
उपचुनाव की तारीख की घोषणा से कुछ घंटे पहले माझी ने नुआपाड़ा जिले के विकास के लिए 1,100 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी।
इस बीच, बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को घोषणा की कि वह उपचुनाव में बीजद उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए सात नवंबर को फिर से नुआपाड़ा जाएंगे।
उन्होंने तीन नवंबर को कोम्ना जनसभा में भारी भागीदारी और जबरदस्त समर्थन के लिए नुआपाड़ा के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
एक वीडियो संदेश में, पटनायक ने नुआपाड़ा के लोगों का 'जोहार' कहकर अभिवादन किया और निरंतर स्नेह व समर्थन के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने घोषणा की कि वह सात नवंबर को नुआपाड़ा और खरियार रोड का दौरा करेंगे और लोगों से फिर मिलेंगे व बीजद उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया के लिए उनका आशीर्वाद लेंगे।
कांग्रेस ने नुआपाड़ा उपचुनाव के लिए प्रमुख आदिवासी नेता घासीराम माझी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी सात नवंबर को माझी के लिए प्रचार करेंगे।
कांग्रेस ने इससे पहले नुआपाड़ा उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची में रेड्डी, उनके उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को शामिल किया था।
आठ सितंबर को बीजद विधायक राजेंद्र ढोलकिया के असामयिक निधन के कारण नुआपाड़ा में उपचुनाव कराया जा रहा है।
नुआपाड़ा उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा।
अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के लिए प्रचार नौ नवंबर को समाप्त हो जाएगा।
भाषा तान्या