ओडिशा: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दोपहर तक 32.85 लाख पौधे लगाए, 75 लाख का लक्ष्य
सुमित नरेश
- 17 Sep 2025, 03:34 PM
- Updated: 03:34 PM
भुवनेश्वर, 17 सितंबर (भाषा) ओडिशा सरकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 75वीं जयंती के अवसर पर बुधवार दोपहर तक राज्य भर में 32.85 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।
राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच 75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पौधरोपण की तस्वीरें और वीडियो 'मेरी लाइफ' पोर्टल पर ‘अपलोड’ किए जा रहे हैं। पोर्टल के माध्यम से पौधरोपण की प्रगति पर आसानी से नजर रखी जा रही है। सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे अपनी पौधरोपण गतिविधियों की तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड करें।" उन्होंने बताया कि यह पौधरोपण अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान-2 के तहत चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी एकमरा कॉलेज परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम में शामिल हुए, वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस अवसर पर संबलपुर स्थित सैनिक स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि 'सेवा पक्ष' के दौरान संबलपुर में साढ़े चार लाख से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे।
भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांसद बैजयंत पांडा केन्द्रपाड़ा जिले के समुद्र तटीय गांव पेंथा में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस बीच माझी ने मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भुवनेश्वर की मास्टर कैंटीन क्षेत्र में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत स्वच्छता अभियान में भी भाग लिया।
ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल और राज्य भाजपा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर सहित वरिष्ठ भाजपा नेता भी इस अभियान में शामिल हुए और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों की सफाई के लिए झाड़ू उठाई।
माझी ने 17 सितंबर को 'राष्ट्रीय गौरव' का क्षण बताया और मोदी की राज्य की पिछली यात्रा को याद किया।
माझी ने कहा, "पिछले साल इसी दिन प्रधानमंत्री ने ओडिशा के गडकाना इलाके में एक आदिवासी महिला द्वारा बनाई गई खीर खाकर अपना जन्मदिन मनाया था। उन्होंने इसी दिन 'सुभद्रा योजना' का भी शुभारंभ किया था।"
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' और 'स्वच्छता ही सेवा' जैसे अभियान स्वच्छ पर्यावरण, महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सरकार के दृष्टिकोण को दर्शाते हैं।
भाषा
सुमित