पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा समेत कई राजनेताओं ने राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी
जोहेब संतोष
- 09 Sep 2025, 11:27 PM
- Updated: 11:27 PM
नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि वह लोकतांत्रिक परंपराओं और संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।
देवेगौड़ा के नेतृत्व वाला जनता दल (सेक्युलर) राजग का हिस्सा है।
राधाकृष्णन ने 452 वोट हासिल करके उपराष्ट्रपति चुनाव जीता, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले।
गौड़ा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “भारत के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन को मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वह हमारी लोकतांत्रिक परंपराओं और संस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे। ”
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी राधाकृष्णन को बधाई दी।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "भारत के उपराष्ट्रपति चुने जाने पर राधाकृष्णन को बधाई। मैं हमारे महान राष्ट्र की सेवा और उसकी प्रगति एवं समृद्धि के लिए समर्पित एक सफल, संपूर्ण व विशिष्ट कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"
कल्याण ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "राजग के उम्मीदवार राधाकृष्णन को भारत का उपराष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई। उनका समृद्ध अनुभव और अनुकरणीय राजनीतिक अनुभव उपराष्ट्रपति पद की गरिमा को और बढ़ाएगा।"
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, "असम के लोगों की ओर से, मैं श्री सी पी राधाकृष्णन जी को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने जाने पर हार्दिक बधाई देता हूं। अपने समृद्ध व विशाल अनुभव तथा भारतीय संस्कृति में निहित मूल्यों के साथ, राधाकृष्णन जी इस गरिमामय पद की शोभा बढ़ाएंगे और उच्च सदन के उपयुक्त संरक्षक होंगे।”
तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने भी राधाकृष्णन को बधाई दी।
राज्यपाल ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, "भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर तमिलनाडु के लोगों की ओर से राधाकृष्णन को हार्दिक बधाई। उनका नेतृत्व तमिल भाषा, संस्कृति और विरासत के संरक्षण, संवर्धन और महिमामंडन के लिए प्रधानमंत्री की पहले से जारी पहल को और आगे बढ़ाएगा।"
स्टालिन ने कहा, "मैं सी पी राधाकृष्णन को भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में उनके निर्वाचन पर हार्दिक बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे हमारे राष्ट्र के संवैधानिक ढांचे और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।"
पलानीस्वामी ने कहा कि राधाकृष्णन के समर्पित सार्वजनिक जीवन और जनता के प्रति अथक सेवा ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिलाया है।
उन्होंने पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा, "भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में उल्लेखनीय जीत के लिए सी. पी. राधाकृष्णन को मेरी हार्दिक बधाई।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी राधाकृष्णन को बधाई दी।
सैनी ने कहा, “सेवा, समर्पण और सादगी के प्रतीक सी पी राधाकृष्णन जी को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन ने सदैव जनसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया तथा विनम्रता व तीक्ष्ण बुद्धि से अपनी एक अलग पहचान स्थापित की।
खट्टर ने कहा कि नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति का व्यक्तित्व सेवा, समर्पण और सादगी का संगम रहा है।
खट्टर ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य माना है और अपनी विनम्रता और तीक्ष्ण बुद्धि से एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
वहीं, झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने लिखा, "राजग के उम्मीदवार आदरणीय सीपी राधाकृष्णन जी को भारत का उपराष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व और दूरदर्शिता से संसदीय परंपराएं और मजबूत होंगी।"
इसके अलावा झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं चंपई सोरेन और रघुबर दास ने भी उन्हें बधाई दी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राधाकृष्णन को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर कहा, "आपका जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है। शिक्षा, सामाजिक उत्थान और सुशासन के क्षेत्र में आपका योगदान पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"
राज्य के दो उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने भी राधाकृष्णन को बधाई दी।
भाषा जोहेब