इंदौर में आवारा कुत्ते ने बेघर मजदूर को काटा, रेबीज से तीन महीने बाद मौत
हर्ष राजकुमार
- 08 Sep 2025, 07:37 PM
- Updated: 07:37 PM
इंदौर (मप्र), आठ सितंबर (भाषा) इंदौर में आवारा कुत्ते ने 42 वर्षीय एक बेघर मजदूर को काट लिया था जिसके तीन महीने बाद रेबीज से इस व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि गोविंद पेवाल (42) को जूनी इंदौर क्षेत्र में आवारा कुत्ते ने तीन महीने पहले होंठ पर बुरी तरह काटा था और हालत बिगड़ने पर उसे पांच सितंबर को शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती कराया गया था।
अधिकारी ने बताया कि मरीज को भोजन निगलने में परेशानी हो रही थी और वह हवा तथा पानी से डर रहा था।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद पेवाल की जान नहीं बचायी जा सकी और उसने रविवार को एमवायएच में दम तोड़ दिया।
रेबीज से पेवाल की मौत के बाद शहर में आवारा कुत्तों के टीकाकरण को लेकर प्रशासन के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
जिलाधिकारी आशीष सिंह ने कहा,‘‘हमें पता चला है कि इस व्यक्ति ने कुत्ते के काटने के बाद रेबीज से बचने के लिए संभवत: पूरा उपचार नहीं लिया था। जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कदम उठाये जाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि शहर में पिछले छह महीने के दौरान आवारा कुत्तों की नसबंदी की रफ्तार बढ़ायी गयी है ताकि इनकी आबादी नियंत्रित की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया,‘‘शहर में एक एजेंसी की मदद से अगले दो महीने के भीतर आवारा कुत्तों की गिनती करायी जाएगी। इसके आधार पर आगे की रणनीति बनायी जाएगी।’’
पेवाल की पत्नी संगीता ने बताया कि उनके पति को तीन महीने पहले आवारा कुत्ते ने भोर के वक्त काटा था, जब वह एक फ्लाईओवर के नीचे सो रहे थे।
उन्होंने बताया,‘‘नींद में डूबे मेरे पति को आवारा कुत्ते ने इतनी जोर से काटा था कि इस जानवर के नुकीले दांत उनके होंठ के आर-पार हो गए थे।’’
तीन बच्चों की मां ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उनके परिवार को किराये का कमरा खाली करना पड़ा था और तब से उनका परिवार फ्लाईओवर के नीचे रह रहा है।
उन्होंने बताया,‘‘मेरे पति पांच सितंबर से अजीबो-गरीब हरकतें करने लगे थे। उनकी हालत देखकर चिकित्सकों ने पहले ही कह दिया था कि उनके शरीर में रेबीज का संक्रमण इतना फैल चुका है कि उनकी जान बचनी मुश्किल है।’’
भाषा हर्ष