मुख्यमंत्री ने 1,159 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत की
कैलाश खारी
- 05 Sep 2025, 11:49 PM
- Updated: 11:49 PM
पटना, पांच सितंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना जिले में 1,159 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।
इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित प्रतिष्ठित लक्ष्मण झूला की तर्ज पर बने बिहार के पहले ‘केबल सस्पेंशन ब्रिज’ का भी उद्घाटन किया। पुनपुन नदी पर बने इस पुल का निर्माण 82.99 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पटना जिले में कुल 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इनमें पालीगंज प्रखंड के समदा और गुलरिया विघा गांवों के बीच पुनपुन नदी पर 19.77 करोड़ रुपये की लागत से पुल और पहुँच मार्ग का निर्माण, पालीगंज के उलार सूर्य मंदिर में 14.99 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं का विकास, तथा 88 लाख रुपये की लागत से पुनपुन स्टेशन से अकौना गांव होते हुए पटना रिंग रोड तक संपर्क मार्ग का निर्माण शामिल है।
इसके अतिरिक्त, 41.48 करोड़ रुपये की लागत से सादिकपुर-पभेड़ा-मसौढ़ी रोड के सोहागी मोड़ को पटना-गया रोड पर कंडाप से जोड़ने वाली दो लेन सड़क का निर्माण और 82.99 करोड़ रुपये की लागत से पुनपुन पिंडदान स्थल पर ‘केबल सस्पेंशन ब्रिज’ का निर्माण भी किया गया है।
बिजली क्षेत्र से संबंधित 12 परियोजनाओं का भी शुरुआत की गई जिनमें 10.20 करोड़ रुपये की लागत से आठ सब-स्टेशनों पर ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, 26.02 करोड़ रुपये की लागत से 20 नयी 33 केवी बिजली लाइनों की ‘रीकंडक्टरिंग’, 70.31 करोड़ रुपये की लागत से 21 नयी 33 केवी बिजली लाइनों को बिछाना तथा 22.99 करोड़ रुपये की लागत से 18 सब-स्टेशनों पर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पुनपुन में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में उपस्थित पेंशन लाभार्थियों और जीविका दीदियों से भी संवाद किया।
बयान में कहा गया, ‘‘लाभार्थियों ने घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना से परिवारों को बचत करने और अन्य विकासात्मक जरूरतों पर खर्च करने में मदद मिली है।’’
इसमें कहा गया, ‘‘जीविका दीदियों ने महिला सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा की और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि अब बैंकों से केवल 7 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल रही है।’’
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
भाषा कैलाश