दिल्ली ने 1000 मिमी बारिश के आंकड़े को पार किया
यासिर संतोष
- 02 Sep 2025, 10:38 PM
- Updated: 10:38 PM
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली में इस मौसम में बरसात का आंकड़ा 1000 मिलीमीटर (मिमी) को पार कर गया है।
दिल्ली ने पिछले महीने ही 774 मिलीमीटर बारिश के अपने सालाना औसत वर्षा के आंकड़े को पार किया था।
राष्ट्रीय राजधानी में आसमान पर बादल छाए रहे और सुबह से ही लगातार बारिश होती रही।
आंकड़ों के अनुसार, इस साल 31 अगस्त तक दिल्ली में 963.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि एक सितंबर को 37.8 मिलीमीटर और मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक 16 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे कुल बारिश का आंकड़ा एक हजार मिलीमीटर के पार पहुंच गया।
दिल्ली ने 14 अगस्त को 774.4 मिलीमीटर की अपनी वार्षिक वर्षा का आंकड़ा पार कर लिया था जो 2021 के बाद से बारिश की मात्रा में अब तक की सबसे तेज प्रगति है। साल 2021 में यह आंकड़ा एक अगस्त को ही पार कर लिया गया था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आने वाले घंटों में और अधिक बारिश होने के आसार है तथा दिल्ली में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली वर्तमान में ‘यलो’ अलर्ट (सावधान रहें) के अंतर्गत है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग स्थित शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र ने 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि अन्य केंद्रों ने रिज पर 20.6 मिलीमीटर, लोधी रोड पर 8.9 मिलीमीटर और पालम में 7.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।
दिल्ली में सोमवार को रुक-रुककर बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह साढ़े आठ बजे तक यहां के प्रमुख मौसम केंद्र ने 37.8 मिमी वर्षा दर्ज की, जबकि लोधी रोड पर 35.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अन्य केंद्रों पर इससे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार, आयानगर में 95 मिमी और पालम में 57.4 मिमी बारिश हुई।
इस बीच, मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
मौसम विभाग ने बुधवार को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 52 के रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
भाषा यासिर