तेलंगाना में वकील दंपत्ति हत्या मामले की जांच सीबीआई ने संभाली
अमित धीरज
- 01 Sep 2025, 07:59 PM
- Updated: 07:59 PM
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तेलंगाना के पेड्डापल्ली में चार साल पहले हुई वकील दंपति की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर जांच का जिम्मा रामागिरी पुलिस से संभाल लिया है।
न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने गट्टू किशन राव की याचिका पर सुनवाई करते हुए पिछले महीने मामले को सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। गट्टू किशन राव ने अपने बेटे गट्टू वामन राव और बहू पी वी नागमणि की हत्या की सीबीआई जांच का अनुरोध किया था।
शीर्ष अदालत के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, सीबीआई ने रामगिरि पुलिस द्वारा वेल्डी वसंत राव, के. श्रीनिवास और अक्कापक्का कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) और 302 (हत्या) के तहत दर्ज मामले को अपने मामले के रूप में पुनः पंजीकृत किया।
प्रक्रिया के अनुसार, सीबीआई राज्य पुलिस की प्राथमिकी को दोबारा दर्ज करके मामले को अपने हाथ में लेती है। जांच पूरी करने के बाद, सीबीआई अपने निष्कर्षों को, जो प्राथमिकी में दर्ज आरोपों से मेल खा भी सकते हैं और नहीं भी, अंतिम रिपोर्ट के रूप में सक्षम अदालत को सौंपती है।
गट्टू वामन राव और पी वी नागमणि तेलंगाना उच्च न्यायालय में वकालत करते थे। दोनों की 17 फरवरी, 2021 की दोपहर को मंथनी-पेद्दापल्ली राजमार्ग पर उनके वाहन से बाहर खींचकर तब हत्या कर दी गई थी, जब वे हैदराबाद जा रहे थे।
गट्टू किशन राव ने कहा है कि उनके बेटे और बहू कुछ लोगों का पर्दाफ़ाश करने की कोशिश कर रहे थे और पूर्व रंजिश के चलते उनकी हत्या कर दी गई। तेलंगाना उच्च न्यायालय ने नए सिरे से जांच की याचिका खारिज कर दी थी क्योंकि राज्य पुलिस पहले ही आरोपपत्र दाखिल कर चुकी थी।
गट्टू वामन और नागमणि ने सितंबर 2020 में उच्च न्यायालय का रुख करके शिकायत की थी कि मंथनी पुलिस थाने में एक व्यक्ति की कथित हिरासत में मौत को लेकर अदालत को एक पत्र (जिसे जनहित याचिका के रूप में लिया गया था) लिखने के बाद पुलिस उन्हें परेशान कर रही है और धमका रही है।
दंपति ने उच्च न्यायालय सहित विभिन्न अदालतों में विभिन्न सार्वजनिक मुद्दों पर जनहित याचिकाएं भी दायर की थीं।
पुलिस ने पहले कहा था कि एक अन्य कार में सवार दो लोगों ने वकील दंपति के वाहन को रोका और उन पर बेरहमी से हमला करके फरार हो गए।
भाषा
अमित