सौरभ भारद्वाज के खिलाफ ईडी की छापेमारी के बाद भाजपा का आप पर निशाना
अमित रंजन
- 26 Aug 2025, 09:04 PM
- Updated: 09:04 PM
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के प्रमुख एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापों ने पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में हुए ‘‘चिकित्सा घोटाले’’ का पर्दाफाश किया है।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि ईडी की छापेमारी के बाद अब 'घबराए हुए' आप नेता कह रहे हैं कि जब अस्पतालों के निर्माण का निर्णय लिया गया था तब भारद्वाज मंत्री नहीं थे।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि यह सच हो सकता है, लेकिन असली सवाल यह है कि क्या आप इस तथ्य से इनकार कर सकती है कि अस्पतालों के वास्तविक निर्माण के दौरान भारद्वाज मंत्री थे।’’
भाजपा नेता सचदेवा ने एक वीडियो बयान में कहा कि दिल्ली की आप सरकार अस्पतालों के निर्माण और दवाओं व उपकरणों की खरीद में हुए "घोटाले" में शामिल थी। उन्होंने कहा कि दवाओं की खरीद में हुए "घोटाले" की जांच भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) द्वारा पहले ही की जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी दिल्ली में पूर्ववर्ती आप सरकार के दौरान स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं में कथित घोटाले से जुड़ी धन शोधन जांच के तहत भारद्वाज और कुछ निजी ठेकेदारों के परिसरों पर छापेमारी कर रही है।
सचदेवा ने कहा, ‘‘हमने पहले भी कहा है कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती आप सरकार ने घोटालों के जरिए दिल्ली को लूटा। अब पार्टी दूसरे राज्यों में लोगों को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रही है।’’
उन्होंने कहा कि भारद्वाज के खिलाफ ईडी के छापों ने पूर्ववर्ती आप सरकार के दौरान हुए ‘‘चिकित्सा घोटाले’’ का पर्दाफाश किया है।
आप ने मंगलवार को कहा कि भारद्वाज के खिलाफ छापेमारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की डिग्री के बारे में उठ रहे सवालों से ध्यान हटाने का एक प्रयास है और पार्टी नेता के खिलाफ मामला ‘‘झूठा’’ है क्योंकि जब अस्पताल के निर्माण का निर्णय लिया गया था, तब वह मंत्री नहीं थे।
सचदेवा ने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि "घोटाले" के समय मंत्री कौन था, क्योंकि ईडी अस्पतालों के निर्माण में अनियमितताओं की जांच कर रहा है, न कि ऐसा करने के फैसले की।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने आप को चुनौती देते हुए कहा, ‘‘क्या ईडी की जांच को फर्जी बताने वाले सौरभ भारद्वाज शपथ लेकर कह सकते हैं कि स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़ी किसी भी आपातकालीन या अतिरिक्त निविदा खरीद को कभी मंजूरी नहीं दी।"
उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल से जानना चाहती है कि वह एक भी नया स्थायी अस्पताल क्यों नहीं बनवा पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता "आप सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए भ्रम फैलाने" में माहिर हैं।
उन्होंने पिछली आप सरकार पर "अधूरी योजनाओं" और अपर्याप्त धनराशि जारी करने के कारण अपने कार्यकाल के दौरान एक भी अस्पताल का निर्माण पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
भाषा अमित