ग्रेटर नोएडा दहेज हत्याकांड गंभीर चिंता का विषय, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें : एनसीडब्ल्यू
प्रीति धीरज
- 25 Aug 2025, 08:13 PM
- Updated: 08:13 PM
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने ग्रेटर नोएडा में 26 वर्षीय निक्की भाटी की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या किए जाने की खबरों पर संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने घोषणा की कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)से संपर्क किया है और मामले में शामिल सभी व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी, साथ ही संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष, समयबद्ध जांच का अनुरोध किया है।
उन्होंने पीड़िता के परिजनों और गवाहों को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है। आयोग ने डीजीपी से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने को भी कहा।
राहटकर ने कहा कि पीड़ित परिवार सदमे में है और वह जल्द ही उनसे मिलने की कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि वह जांच की प्रगति के बारे में पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं।
पुलिस के अनुसार, अब तक निक्की के पति विपिन भाटी, उसके पिता सतवीर, मां दया और भाई रोहित को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विपिन को शनिवार को हिरासत में लिया गया था, लेकिन जब उसे सबूत जुटाने के लिए ले जाया जा रहा था, तब उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
रहाटकर ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह चिंताजनक है कि ‘‘आजादी के 75 साल बाद भी हमारी बेटियां दहेज की कुप्रथा का शिकार हो रही हैं।’’
उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी हत्याएं, चाहे नोएडा, हैदराबाद या पुणे में हों ‘‘गंभीर चिंता का विषय’’ है।
आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि समाज को तत्काल आत्ममंथन करने की जरूरत है।
रहाटकर ने कहा कि भारत में दहेज रोकने के लिए मजबूत कानून हैं और दहेज निषेध अधिनियम के तहत कड़े प्रावधान भी हैं, लेकिन निक्की की मौत जैसे मामले सामाजिक नज़रिए में कमियों को उजागर करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अच्छे कानूनों और उनके क्रियान्वयन के बावजूद जब ऐसी नृशंस हत्याएं होती हैं तो यह दर्शाता है कि समाज को भी आत्मचिंतन की आवश्यकता है। दहेज प्रथा के नए रूप सामने आ रहे हैं, उन पर अंकुश लगाना होगा।’’
कासना थाने में 22 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, निक्की को कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर जिंदा जला दिया गया था।
निक्की की बड़ी बहन कंचन आरोपी रोहित की पत्नी है। उसने घटना के वीडियो बनाए, जिनमें निक्की को बालों से घसीटते हुए और फिर आग की लपटों में घिरी हुई देखा जा सकता है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी आए हैं।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से जल चुकी निक्की को दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की हत्या, गंभीर चोट पहुंचाने और आजीवन कारावास के दंडनीय अपराधों के प्रयास जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
निक्की के परिजनों का आरोप है कि 2016 में शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिवार के अनुसार, उन्होंने पहले ही एक स्कॉर्पियो एसयूवी, मोटरसाइकिल और सोने के गहने दिए थे, लेकिन ससुराल वालों ने बाद में 36 लाख रुपये नकद और एक लग्ज़री कार की मांग की।
भाषा
प्रीति