गुजरात में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से "सेवा पखवाड़िया" कार्यक्रम की शुरुआत करेगी
राखी अविनाश
- 25 Aug 2025, 07:04 PM
- Updated: 07:04 PM
अहमदाबाद, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में ‘‘सेवा पखवाड़िया’’ नामक दो सप्ताह का कार्यक्रम शुरू करेगी, जिसमें रक्तदान शिविर समेत कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह कार्यक्रम 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ में पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष सी. आर. पाटिल ने कहा, ‘‘हर साल की तरह इस साल भी पखवाड़े के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी मनाई जाएगी जिसमें सेवा, स्वच्छता और सामुदायिक कार्यों पर विशेष जोर रहेगा।’’
उन्होंने बताया कि ‘नमो उत्सव’ के तहत प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित एक गुजराती नाटक तैयार किया गया है जिसे हिन्दी में भी भव्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
पाटिल ने कहा, ‘‘यह नाटक छह महानगरों में मंचित किया जाएगा ताकि मौजूदा और आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिन पर प्रत्येक जिले में रक्तदान शिविर आयोजित कर 750 यूनिट रक्त एकत्र किया जाएगा।
उन्होंने कहा, "इसके अलावा महात्मा गांधी की प्रतिमाओं की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। गांधीजी हमेशा स्वच्छता का आह्वान करते थे लेकिन आजादी के बाद इसे दरकिनार कर दिया गया। मोदीजी ने इसे आगे बढ़ाया और सबको इससे जोड़ा। इस अवधि के दौरान इसे दोहराया जाएगा।’’
पाटिल ने बताया कि दिव्यांग लोगों की मदद के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे और विधायकों व स्थानीय नेताओं को उन्हें उपकरण वितरित करने को कहा गया है।
साथ ही ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान भी प्रत्येक जिले, नगर पालिका और कस्बे में चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गणपति पंडाल और नवरात्रि उत्सव ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर आधारित होंगे, जिससे साहस का संदेश दिया जाएगा।
सांसदों और विधानसभा सदस्यों को ‘संसद खेल महोत्सव’ के तहत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने को कहा गया है ताकि नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और प्रतिभाशाली बच्चों को सहयोग मिल सके।
पाटिल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उनके जन्मस्थान करमसद से नर्मदा जिले में स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ तक 150 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी और स्थानीय स्तर पर लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास होगा।
भाषा राखी