पश्चिम बंगाल में जेईई परीक्षा के परिणाम घोषित, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विद्यार्थियों को बधाई दी
जितेंद्र दिलीप
- 22 Aug 2025, 05:55 PM
- Updated: 05:55 PM
कोलकाता, 22 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा संचालित और सहायता प्राप्त विश्वविद्यालयों में इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, वास्तुकला और फार्मेसी के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (डब्ल्यूबीजेईई) के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए।
यद्यपि यह परीक्षा 27 अप्रैल को आयोजित की गई थी, लेकिन कानूनी लड़ाई के कारण इस वर्ष परिणाम आने में असामान्य देरी हुई। परीक्षा को लेकर राजनीतिक हलकों में विरोध प्रदर्शन भी हुआ था।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने 18 अगस्त को चेतावनी दी थी कि अगर इस सप्ताह डब्ल्यूबीजेईई के परिणाम जारी नहीं किए गए, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राज्य शिक्षा विभाग मुख्यालय के बाहर धरना देंगे।
बोर्ड की अध्यक्ष सोनाली चक्रवर्ती बनर्जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘डब्ल्यूबीजेईई के परिणाम प्रकाशित किये गये हैं।’’
उन्होंने कहा कि परिणाम के प्रकाशन संबंधी कानूनी मुद्दा सुलझ जाने के बाद बोर्ड ने छात्रों के हित में परिणाम घोषित कर दिया।
डब्ल्यूबीजेईई में शीर्ष स्थान हासिल करने वालों में डॉन बॉस्को स्कूल-पार्क सर्कस के अनिरुद्ध चक्रवर्ती, कल्याणी सेंट्रल मॉडल स्कूल के समयज्योति विश्वास, दिल्ली पब्लिक स्कूल-रूबी पार्क के दिशांत बसु और अरित्रो रे, पर्व इंटरनेशनल स्कूल-दुर्गापुर के त्रिशनजीत डोलोई और मेदिनीपुर कॉलेजिएट स्कूल के सागनिक पात्रा शामिल हैं।
कुल 1,01,643 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 1,00,502 विद्यार्थी सफल रहे।
इस वर्ष परीक्षा में राज्य के 77,793 उम्मीदवार और राज्य के बाहर से 23,850 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
यह परीक्षा पश्चिम बंगाल के 23 जिलों के 303 केंद्रों और असम व त्रिपुरा में भी आयोजित की गयी थी, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को मौका दिया जा सके। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनकी कड़ी मेहनत व लगन की सराहना की।
ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अभिभावकों व शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की और इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और समर्थन करने में उनकी भूमिका को सराहा।
ममता ने कहा, “मैं संयुक्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं आपके (विद्यार्थियों के) माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई देती हूं।”
मुख्यमंत्री ने उम्मीद के मुताबिक अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वाले विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कहा, “जो छात्र किसी कारणवश अच्छे परिणाम नहीं ला पाए, मैं उनसे आग्रह करती हूं कि वे हिम्मत न हारें, बल्कि भविष्य में बेहतर परिणामों के लिए तैयारी करें।”
ममता ने कानूनी जटिलताओं का हवाला देते हुए इस साल परिणामों की घोषणा में देरी की बात भी स्वीकार की और इन सबके बावजूद विद्यार्थियों की दृढ़ता व क्षमता पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, “सभी विपरीत परिस्थितियों को पार करते हुए आप आने वाले दिनों में और भी बड़ी सफलता हासिल करेंगे और बंगाल को गौरवान्वित करेंगे।”
भाषा जितेंद्र