विभिन्न देशों के भारतीय मिशन में जोश एवं उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह
सुरेश माधव
- 15 Aug 2025, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
लंदन/सिंगापुर/तेल अवीव, 15 अगस्त (भाषा) ब्रिटेन, इजराइल और सिंगापुर सहित विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावासों ने 79वें स्वतंत्रता दिवस को उसी उत्साह और भावना के साथ मनाया, जैसा भारतवासी अपने वतन में मनाते हैं।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में सैकड़ों भारतीय मूल के लोग संगीत, नृत्य और देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए।
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने ध्वजारोहण के साथ समारोह की शुरुआत की, जिसके बाद एल्डविच स्थित ‘इंडिया हाउस’ प्रांगण में राष्ट्रगान की धुन गूंज उठी।
दोरईस्वामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘स्वतंत्रता दिवस न केवल भारतीय नागरिकों के लिए, बल्कि प्रवासी भारतीयों सहित भारत के मित्रों के लिए भी भारत से फिर से जुड़ने का एक अवसर है।’’
इजराइल में भारत के राजदूत जे पी सिंह ने भारतीय समुदाय के लगभग 350 लोगों की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए सिंह ने ‘‘टीम इंडिया के रूप में रणनीतिक संबंधों’’ को और गहरा करने के प्रयासों पर ज़ोर दिया।
उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा, ‘‘दोनों देश संकट की घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और समान मूल्यों वाले लोकतंत्र होने के नाते एक-दूसरे का सम्मान करते हैं ।
सिंह ने कहा, ‘‘इजराइल में लगभग 40 हजार भारतीय रहते हैं। मैं देख सकता हूं कि इजराइल के लोगों में भारतीयों के प्रति कितना स्नेह है। ख़ास तौर पर, वे हमारे कर्मचारियों और हमारे देखभाल करने वालों की बहुत सराहना करते हैं।’’
उन्होंने दोनों देशों के बीच "एक शक्तिशाली सेतु" बनने के लिए भारतीय यहूदी समुदाय का भी आभार व्यक्त किया।
ध्वजारोहण के बाद स्थानीय भारतीय प्रतिभाओं द्वारा प्रस्तुत एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त शिल्पक अम्बुले ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रवासी भारतीयों के लिए राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा।
उन्होंने देश कुछ आतंकवादी हमलों पर एक विस्तृत प्रदर्शनी के माध्यम से आतंकवाद पर भारत के विचारों को भी साझा किया।
अंबुले ने शुक्रवार सुबह ‘पीटीआई’ से बात करते हुए कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि प्रदर्शनी के माध्यम से यह संदेश (आतंकवादियों पर भारत का रुख) प्रवासी भारतीयों तक पहुंचे।’’
उन्होंने जोर देकर कहा, "ऑपरेशन सिंदूर अब सामान्य स्थिति है। हम आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के बीच कोई अंतर नहीं करेंगे।"
कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी इस अवसर पर एक समारोह आयोजित किया और ‘‘विकसित भारत’’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भारतीय मिशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, उच्चायुक्त संतोष झा ने कोलंबो स्थित इंडिया हाउस में तिरंगा फहराया। श्रीलंका में प्रवासी भारतीयों ने गर्व और एकता के साथ जश्न मनाया और विकसित भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।’’
तोक्यो में, भारतीय मिशन ने माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्र के नाम दिए गए संबोधन को साझा किया।
इस अवसर पर राजदूत सिबी जॉर्ज ने भारतीय स्कूली छात्रों से बातचीत की।
मालदीव में भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यम ने तिरंगा फहराया और मालदीव में उत्साही भारतीय समुदाय की उपस्थिति में इस अवसर का जश्न मनाया।
चीन में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने बीजिंग में तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति मुर्मू के राष्ट्र के नाम संबोधन के अंश पढ़े, जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
शंघाई में, भारतीय महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने तिरंगा फहराया।
भूटान के थिम्पू स्थित भारतीय दूतावास ने इस अवसर को देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर भूटान के कलाकारों और नेहरू-वांगचुक संस्कृति केंद्र, थिम्पू के छात्रों ने देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति दी।
राजदूत सुधाकर दलेला ने ध्वजारोहण किया और बड़ी संख्या में भारतीय एवं भूटान से आए उनके मित्र ‘इंडिया हाउस’ में इस समारोह में शामिल हुए।
दलेला ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्र के नाम दिए गए संबोधन को पढ़ा।
नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास में भी एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिनमें दूतावास के स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र और स्थानीय केंद्रीय विद्यालय के छात्रों द्वारा देशभक्ति गीतों और नृत्यों की जोशपूर्ण प्रस्तुतियां शामिल थीं।
सोशल मीडिया पर दी गयी जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर दूतावास ने नेपाल के सात प्रांतों के 39 शैक्षणिक संस्थानों और पुस्तकालयों को पुस्तक अनुदान देने की भी घोषणा की।
इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी प्रभारी राजदूत गीतिका श्रीवास्तव के ध्वजारोहण और राष्ट्रपति मुर्मू के "राष्ट्र के नाम संबोधन" को पढ़ने के साथ समारोह मनाया।
इस अवसर पर कतर के दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और बच्चों ने जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कुवैत में भारतीय समुदाय ने ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान में भारतीय मिशन के साथ मिलकर ‘‘हमारे तिरंगे और एकता की भावना का सम्मान’’ किया।
संयुक्त अरब अमीरात में, भारतीय दूतावास ने 'आतंकवाद की मानवीय कीमत' पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया।
मिशन ने सोशल मीडिया पर साझा किया, "प्रदर्शनी में भारत और उसके बाहर आतंकवाद के मानवीय प्रभाव और आतंकवाद से निपटने के प्रयासों पर प्रकाश डाला गया।"
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस दिवस को गर्व, देशभक्ति और एकता की जीवंत भावना के साथ मनाया।
महावाणिज्य दूत फहद अहमद खान सूरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भारत के माननीय राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा।
आयरलैंड की राजधानी डबलिन स्थित भारतीय दूतावास ने इस वहां (आयरलैंड में) भारतीयों पर हाल ही में हुए हिंसक हमलों की पृष्ठभूमि में यह समारोह मनाया गया।
आयरलैंड में भारतीय राजदूत अखिलेश मिश्रा ने ध्वजारोहण समारोह का नेतृत्व किया, जिसके बाद दूतावास परिसर में भारतीय कला और संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, ‘‘डबलिन स्थित भारतीय दूतावास ने प्रवासी भारतीयों और भारत के मित्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।’’
भाषा सुरेश