रजनीकांत ने फिल्मी करियर के 50 साल पूरे किये, बधाइयों का सिलसिला जारी
धीरज सुरेश
- 13 Aug 2025, 08:50 PM
- Updated: 08:50 PM
चेन्नई, 13 अगस्त (भाषा) सुपरस्टार रजनीकांत ने बुधवार को अपने फिल्मी करियर के 50 साल पूरे किये। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, जिनमें अभिनेता-राजनेता कमल हासन भी शामिल हैं।
रजनीतकांत ने यह गौरवशाली पड़ाव बृहस्पतिवार को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुली’ के प्रदर्शित होने के एक दिन पहले पार किया है।
राज्यसभा सदस्य कमल हासन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सिनेमा जगत में अपनी शानदार प्रतिभा के 50 साल पूरे होने पर, मेरे प्रिय मित्र रजनीकांत आज सिनेमा जगत में 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। मैं अपने सुपरस्टार का सम्मान स्नेह और प्रशंसा के साथ करता हूं और कामना करता हूं कि कुली को करियर की इस स्वर्ण जयंती के अनुरूप वैश्विक सफलता मिले।’’
‘कुली’ का निर्देशन ‘विक्रम’ से प्रसिद्धि पाने वाले लोकेश कनगराज ने किया है और इसमें आमिर खान, नागार्जुन, उपेंद्र, सत्यराज और हासन की बेटी श्रुति जैसे सितारे हैं।
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदनिधि स्टालिन ने कहा, ‘‘मैं अपने सुपरस्टार रजनीकांत सर को फिल्म उद्योग में 50 शानदार वर्ष पूरे करने पर बधाई देते हुए बहुत प्रसन्न हूं।’’
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ई. के. पलानीस्वामी ने भी शीर्ष अभिनेता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘भाई रजनीकांत ने अपनी अनूठी शैली और अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है और उन्होंने सिनेमा में 50 साल पूरे कर लिये हैं।’’
सोशल मीडिया पर कई प्रशंसक पृष्ठों ने अभिनेता की इस उपलब्धि के लिए उनकी प्रशंसा की।
रजनीकांत ने अपने करियर की शुरुआत बेंगलुरु में एक बस कंडक्टर के रूप में की थी और अब तमिल सिनेमा के निर्विवाद ‘सुपरस्टार’ माने जाते हैं। उनका असली नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। निर्देशक के. बालाचंदर ने उन्हें फिल्मों में मौका के साथ-साथ नया नाम ‘रजनीकांत’ दिया था।
उन्होंने दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता बालाचंदर द्वारा निर्देशित 1975 की फिल्म अपूर्व रागंगल से अपने करियर की शुरुआत की। रजनीकांत ने शुरुआत में नकारात्मक भूमिकाओं में अभिनय किया, फिर एक ऐसे नायक के रूप में दशर्कों के दिल में बस गए जिनका नाम ही फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर होने की गारंटी मानी जाती है।
भाषा धीरज