राज्यसभा में सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों को दी गई विदायी
अविनाश
- 18 Mar 2026, 03:13 PM
- Updated: 03:13 PM
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) राज्यसभा में सदस्यों ने बुधवार को अपने सेवानिवृत्त हो रहे सहयोगियों को विदाई देते हुए दलगत भावना से ऊपर उठकर उनकी मित्रता को रेखांकित किया और विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी सार्वजनिक जीवन में योगदान देते रहेंगे।
तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों को पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की ओर से शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ये सदस्य "नयी भूमिकाओं" की ओर बढ़ रहे हैं ताकि वे सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रह सकें।
ओ'ब्रायन ने कहा कि कई सेवानिवृत्त सांसदों को यह दुर्लभ अवसर मिला कि उन्होंने अपने छह साल के कार्यकाल में उच्च सदन के तीन सभापतियों – एम वेंकैया नायडू, जगदीप धनखड़ और वर्तमान में सी पी राधाकृष्णन – के तहत काम किया।
उन्होंने युवा सांसदों, जैसे प्रियंका चतुर्वेदी, साकेत गोखले और रीताव्रता बनर्जी के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि सदन में अनुभव और युवाओं का समागम है।
तृणमूल सदस्य ने कहा ''जैसे हम सत्तर और अस्सी वर्ष के सदस्यों के अनुभव का लाभ उठाते हैं, वैसे ही मैं युवा सांसदों के योगदान का लाभ उठाना चाहता हूँ। जो सदस्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं, वे वास्तव में कार्यमुक्त नहीं हो रहे, केवल पार्टी में किसी अन्य भूमिका में स्थानांतरित हो रहे हैं।''
ओ'ब्रायन ने कहा कि राज्यसभा सदस्यों की औसत आयु लगभग 61–62 वर्ष है, और तृणमूल कांग्रेस के युवा सांसद नए विचारों के साथ अनुभव और युवा ऊर्जा का सुंदर मिश्रण प्रस्तुत करते हैं।
द्रमुक सदस्य तिरूची शिवा ने इस क्षण को "जीवन का एक मोड़" बताया और कहा कि सेवानिवृत्त सदस्य भविष्य में भी सार्वजनिक जीवन में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि विदाई अवश्यंभावी लेकिन कठिन होती है, क्योंकि लंबे समय तक सहयोगियों के साथ पार्टी लाइन से परे गहरे संबंध बनते हैं।
शिवा ने सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, रजनी पाटिल, भुवनेश्वर कालिता और के टी एस तुलसी के योगदान की सराहना की। उन्होंने द्रमुक सहयोगियों, जैसे एन आर इलांगो और कनिमोझी एनवीएन सोमू के संसदीय योगदान की भी सराहना की और उपसभापति हरिवंश को धन्यवाद किया।
आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह ने विदाई के पलों को "दुःखद और भावनात्मक" बताया। उन्होंने संसदीय समितियों में बने निजी संबंधों को याद करते हुए कहा कि पूर्व सदस्यों को पहले की तरह राज्यसभा की आंतरिक लॉबी तक पहुँच की अनुमति दी जानी चाहिए।
उन्होंने उपसभापति हरिवंश के आचरण के लिए भी उन्हें धन्यवाद दिया और किसी भी अनजाने कठोर व्यवहार के लिए क्षमा मांगी।
बीजू जनता दल के सदस्य सस्मित पात्रा ने कहा कि ऐसे अवसर दिखाते हैं कि राजनीतिक भिन्नताओं के बावजूद, सदस्य साझा सार्वजनिक सेवा के लिए प्रतिबद्धता से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा, ''शक्ति नहीं, विशेषाधिकार नहीं, बल्कि सेवा'' उन लोगों को परिभाषित करती है जो इस सदन में आते हैं। उन्होंने भी सेवानिवृत्त सांसदों को शुभकामनाएँ दीं।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश
1803 1513 संसद