भारी बारिश के अनुमान के बीच आईएमडी ने झारखंड के 13 जिलों में बाढ़ की चेतावनी जारी की
राजकुमार संतोष
- 14 Jul 2025, 07:32 PM
- Updated: 07:32 PM
रांची, 14 जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को झारखंड के कई हिस्सों में भारी वर्षा के बीच राज्य के 13 जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह चेतावनी बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए मंगलवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक के लिए है।
आईएमडी ने अपने नवीनतम बुलेटिन में कहा, ‘‘कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है।’’
आईएमडी ने दोपहर एक बजे जारी बुलेटिन में कहा कि मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के लिए ‘रेड’ अलर्ट तथा गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिलों में बहुत भारी वर्षा के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम कार्यालय ने मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक के लिए रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और देवघर के लिए भारी बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया ।
गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हज़ारीबाग के लिए मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट भी जारी किया गया है।
इसी तरह की चेतावनी 16 जुलाई की सुबह साढ़े आठ बजे से 17 जुलाई की सुबह साढ़े आठ बजे तक पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह के लिए भी जारी की गई है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में 17 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कुछ जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में एक जून से 13 जुलाई के बीच 62 अतिरिक्त प्रतिशत बारिश हुई।
इस पूर्वी राज्य में इस अवधि के दौरान सामान्य 316.7 मिमी की तुलना में 510 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम ज़िले में सबसे ज़्यादा 153 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई, उसके बाद रांची में 138 प्रतिशत और सरायकेला-खरसावां में 132 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई।
हालांकि, झारखंड के चार जिलों--गोड्डा, देवघर, साहेबगंज और पाकुड़ में 27 से 35 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
भाषा राजकुमार