दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन
रवि कांत रवि कांत दिलीप
- 13 Jul 2025, 08:48 PM
- Updated: 08:48 PM
(फाइल फोटो के साथ)
हैदराबाद, 13 जुलाई (भाषा) तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं भाजपा के पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का रविवार को निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और लंबे समय से वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।
फिल्म जगत से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी कि कई वर्षों से अस्वस्थ राव ने रविवार तड़के अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार, अभिनेता चिरंजीवी और कई अन्य नेताओं के अलावा फिल्मी हस्तियों ने राव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ श्री कोटा श्रीनिवास राव गारू के निधन से व्यथित हूं। उन्हें उनके सिनेमाई कौशल और बहुमुखी प्रतिभा के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने अपने मनमोहक अभिनय से विभिन्न पीढ़ियों के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वे समाज सेवा में भी अग्रणी रहे और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’’
श्रीनिवास राव ने अपने चार दशक से भी अधिक लंबे करियर में 750 फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने 1978 में ‘प्रणाम खरीदु’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।
‘सत्रुवु’, ‘अहा! ना पेलंता’, ‘हेलो ब्रदर’, ‘मनी’, निर्देशक राम गोपाल वर्मा की ‘शिवा’ और ‘गयाम’ जैसी फिल्मों ने श्रीनिवास राव को अपार प्रसिद्धि दिलाई।
उल्लेखनीय है कि राव ने अमिताभ बच्चन के साथ राम गोपाल वर्मा की हिंदी फिल्म 'सरकार' में भी अभिनय किया था।
पद्मश्री से सम्मानित श्रीनिवास राव 1999 से 2004 तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रहे।
रूपहले पर्दे पर आने से पहले रंगमंच के कलाकार रहे राव ने अपने अद्वितीय और बहुमुखी अभिनय के लिए प्रशंसा प्राप्त की।
यद्यपि राव का जन्म तटीय आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा के निकट हुआ था, फिर भी वे तेलुगु की तेलंगाना और रायलसीमा बोलियों में अपनी संवाद अदायगी के लिए लोकप्रिय हुए।
राव को तेलुगु फिल्म उद्योग को चेन्नई से हैदराबाद स्थानांतरित करने के समर्थन में की गई भूख हड़ताल के लिए भी याद किया जाता है।
पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव और भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पीवीएन माधव ने श्रीनिवास राव के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
चिरंजीवी, जूनियर एनटीआर, प्रमुख निर्माता डी सुरेश बाबू, अभिनेता मुरली मोहन और कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने श्रीनिवास राव के निधन पर शोक व्यक्त किया।
राव का अंतिम संस्कार रविवार अपराह्न यहां 'महाप्रस्थानम' श्मशान घाट पर किया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत