हिमाचल प्रदेश : जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली
देवेंद्र रंजन
- 09 Jul 2025, 07:32 PM
- Updated: 07:32 PM
शिमला/नाहन (हिमाचल प्रदेश), नौ जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और नाहन की जिला अदालतों को बुधवार को बम से उड़ाने की ईमेल के जरिये धमकी मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अधिकारी तुरंत हरकत में आए और शिमला, नाहन, कुल्लू और रामपुर की जिला अदालतों के परिसरों को खाली करा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि बम निरोधक और खोजी कुत्तों के दस्ते तैनात कर दिए गए हैं और अदालत भवनों व आसपास के इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
शिमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव कुमार गांधी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुधवार को शिमला और रामपुर समेत कई जगहों पर अदालत परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले थे।
उन्होंने बताया कि एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस ने बताया कि धमकी के बाद तुरंत परिसर खाली करा दिया गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई।
गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस उन अन्य राज्यों के साथ समन्वय कर रही है जिन्हें इसी तरह की धमकियां मिली थीं और आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इस बीच, सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि नाहन जिला अदालत को सुबह बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईमेल सुबह 10 बजे देखा गया जब कर्मचारी न्यायिक कार्य करने के लिए कार्यालय का कंप्यूटर खोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि बम की धमकी की सूचना पुलिस को दे दी गई थी और अदालत परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया था।
रोल्टा ने कहा कि इस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और कहा कि सुरक्षा के सभी प्रबंध किये गये हैं।
नाहन बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमित अत्री ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के बाद अदालत परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया है।
हाल के महीनों में, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, हिमाचल प्रदेश सचिवालय और उपायुक्त कार्यालयों को भी इसी तरह की बम धमकियां मिली थीं। हालांकि, ये सभी अफवाहें निकलीं।
भाषा
देवेंद्र