रिलायंस, एचडीएफसी बैंक में लिवाली से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 91 अंक चढ़ा
रमण पाण्डेय
- 01 Jul 2025, 05:01 PM
- Updated: 05:01 PM
मुंबई, एक जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबार सीमित दायरे में रहा और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एचडीएफसी बैंक में लिवाली से दोनों मानक सूचकांक बढ़त में रहे। बीएसई सेंसेक्स 91 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 25 अंक की तेजी रही।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 90.83 अंक यानी 0.11 प्रतिशत बढ़कर 83,697.29 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 13 शेयर बढ़त में और 17 नुकसान में बंद हुए। कारोबार के दौरान एक समय यह 267.83 अंक तक चढ़ गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 24.75 अंक यानी 0.10 प्रतिशत के लाभ के साथ 25,541.80 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में सर्वाधिक 2.51 प्रतिशत की तेजी आई। कंपनी के 528 करोड़ रुपये का ऑर्डर हासिल करने के ऐलान के बाद शेयर में तेजी आई।
इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.84 प्रतिशत चढ़ा। विश्लेषकों के सौर विनिर्माण केंद्र शुरू करने की संभावना जताये जाने के बाद कंपनी का शेयर चढ़ा।
इसके अलावा, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, ट्रेंट, इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) और टेक महिंद्रा शामिल हैं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘‘सोमवार की गिरावट के बाद बाजार में सुस्ती रही और यह लगभग अपरिवर्तित बंद हुआ। शुरुआती तेजी के बाद निफ्टी सीमित दायरे में रहा और अंततः 25,541.80 पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों-खासकर अमेरिका-में तेजी के साथ-साथ स्थिर घरेलू संकेतों से पता चलता है कि मौजूदा रुझान जारी रहने की संभावना है।’’
छोटी कंपनियों से संबंधित बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 0.18 प्रतिशत और मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप सूचकांक में 0.07 प्रतिशत की गिरावट आई।
बीएसई में 2,025 शेयर लाभ में जबकि 1,985 शेयर में गिरावट आई। वहीं 154 शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "पिछले सप्ताह की मजबूत तेजी के बाद घरेलू सूचकांक सीमित दायरे में रहें। निवेशक घटनाक्रमों पर करीब से नजर रख रहे हैं। वह अमेरिकी शुल्क पर चीजें स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहे, जबकि जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ। हांगकांग के बाजार में अवकाश था।
दोपहर के कारोबार में यूरोप के प्रमुख बाजारों में गिरावट का रुख था। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.56 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 831.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 452.44 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 120.75 अंक की गिरावट आई थी।
भाषा
रमण