महिला पायलट ने कैब में यात्रा के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
धीरज दिलीप
- 22 Jun 2025, 10:40 PM
- Updated: 10:40 PM
मुंबई, 22 जून (भाषा) मुंबई में यात्रा के दौरान 28 वर्षीय महिला पायलट का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में उबर कैब के चालक और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस की एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार की रात करीब 11.15 बजे तब घटी, जब महिला दक्षिण मुंबई से घाटकोपर स्थित अपने घर जा रही थी।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता महिला का पति नौसेना में अधिकारी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चूंकि उसके पति को अब तक सरकारी आवास नहीं मिला है, इसलिए वह नौसेना के आवासीय परिसर में रह रहे हैं, जबकि वह घाटकोपर में रहती है।
शिकायत के मुताबिक, बृहस्पतिवार की रात दक्षिण मुंबई के एक रेस्तरां में खाना खाने के बाद पीड़िता के पति ने उसके लिए उबर कैब की बुकिंग की।
महिला के अनुसार, कैब चालक ने यात्रा के 25 मिनट बाद मार्ग बदल दिया और दो लोगों को कैब में बैठने की अनुमति दे दी। महिला के मुताबिक, कैब में एक व्यक्ति उसके साथ पिछली सीट पर बैठा था और उसने गलत तरीके से उसे छुआ।
पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि जब पीड़िता ने आपत्ति जताई तो आरोपी ने धमकी दी और इस दौरान कैब चालक ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
महिला ने बताया कि कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने देखा कि आगे सड़क पर पुलिस जांच कर रही है और तो वे पहले ही वाहन से उतर गए।
महिला ने बताया कि वह घर पहुंची, तब चालक से पूछा कि उसने क्यों उन दो लोगों को वाहन में बैठने की अनुमति दी, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
महिला ने सुबह पति को आपबीती बताई, जिसके बाद दंपति ने घाटकोपर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि तीनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1) (यौन उत्पीड़न), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
उबर ने मामले में कार्रवाई करते हुए चालक की ऐप सदस्यता रद्द कर दी।
उबर के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जो शिकायत आई है, वह निंदनीय है और उबर मंच पर ऐसी हरकत के लिए कोई स्थान नहीं है। उबर ऐप पर चालक को ब्लॉक कर दिया गया है। हम कानून लागू करने वाले अधिकारियों को सभी प्रासंगिक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।’’
भाषा धीरज