लोकसभा चुनाव: माकपा के दिग्गज नेता के भाजपा में शामिल होने की योजना के आरोपों से वाम दल परेशान
सुरेश नरेश
- 26 Apr 2024, 04:47 PM
- Updated: 04:47 PM
कन्नूर/अलाप्पुझा (केरल), 26 अप्रैल (भाषा) केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ई. पी. जयराजन की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की कथित योजना के बारे में राजनीतिक विरोधियों द्वारा लगाए गए आरोपों से शुक्रवार को राज्य में सत्तारूढ़ वाम दलों में सदमे की लहर जारी रही। हालांकि, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपने सहयोगी (जयराजन) को आगाह किया कि वह अपने संबंधों को लेकर सतर्क रहें।
विजयन ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक जयराजन को परोक्ष रूप से आगाह करते हुए एक स्थानीय कहावत का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘‘अगर भगवान शिव किसी पापी से जुड़ जाते हैं, तो शिव भी पापी बन जाएंगे।’’
मुख्यमंत्री का यह बयान भाजपा की ‘तेज-तर्रार’ नेता शोभा सुरेंद्रन द्वारा जयराजन को भगवा पार्टी में शामिल करने के लिए किये गये प्रयास का खुलासा करके माकपा पर हमला बोलने के एक दिन बाद आया है।
दो दिन पहले शोभा ने आरोप लगाया था कि एक बिचौलिये ने एक शीर्ष माकपा नेता की मदद करने की कोशिश की थी, जो भाजपा में शामिल होना चाहते थे और बृहस्पतिवार को उन्होंने दावा किया कि वह नेता ईपी जयराजन थे।
कन्नूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कुछ लोग ऐसे हैं जो हर दिन यह सोचते हुए उठते हैं कि किसे धोखा देना है।
विजयन ने भाजपा और जयरामन के बीच कथित बिचौलिये की भूमिका निभाने वाले टी जी नंदकुमार का नाम लिये बिना कहा कि ऐसे लोगों के साथ किसी भी तरह की दोस्ती या परिचय से आमतौर पर बचना चाहिए।
विजयन ने कहा कि उनका अनुभव यह रहा है कि जयराजन का संबंध हमेशा सभी के साथ अच्छा रहता है तथा आमतौर पर ऐसे मामलों में वह सतर्क नहीं रहते हैं।
उन्होंने राज्य के राजनीतिक हलकों में ‘‘दलाल’’ के नाम से जाने जाने वाले नंदकुमार का प्रत्यक्ष जिक्र किए बिना कहा कि इस तरह एक व्यक्ति जिसकी राज्य में सबसे संदिग्ध पृष्ठभूमि है, इन सभी घटनाक्रमों का गवाह बनकर सामने आया।
विजयन ने कहा कि उन्हें लवलीन मामले में उस व्यक्ति विशेष का संबंध स्पष्ट रूप से पता है, जिसकी लड़ाई वह वर्षों से उच्चतम न्यायालय में लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से दोस्ती या परिचय भी अस्वीकार्य है।
जयराजन के भाजपा नेता प्रकाश जावडेकर से मुलाकात की बात स्वीकारने की मीडिया में प्रकाशित खबरों के बारे में पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए विजयन ने कहा कि ऐसी मुलाकातों में कुछ भी गलत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने खुद जावडेकर से बात की थी।
जयराजन की दशकों लंबी राजनीतिक यात्रा की सराहना करते हुए विजयन ने कहा कि एक कम्युनिस्ट नेता के रूप में उन्होंने (जयराजन ने) अपने जीवन में कई उथल-पुथल का सामना किया, जो सभी वामपंथी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने वाला रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा विवाद न केवल जयराजन, बल्कि माकपा और एलडीएफ को निशाना बनाकर किया गया एक राजनीतिक हमला है।
विजयन ने यह भी उम्मीद जताई कि राज्य के लोग इस तरह के प्रचार पर विश्वास नहीं करेंगे।
जावडेकर के साथ जयराजन की कथित मुलाकात के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए, माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने कहा कि लोग किसी से भी मिल सकते हैं।
उन्होंने कन्नूर में संवाददाताओं से कहा, ये केवल वामपंथ पर हमला करने का तरीका और माकपा के खिलाफ एक 'राजनीतिक साजिश' है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजनेताओं के रूप में, हम कई लोगों से मिलते रहते हैं। हाल ही में, मैंने एम एम हसन और भाजपा नेता कृष्णदास से मुलाकात की। हम वहां एक टेलीविजन बहस में हिस्सा लेने गए थे। हमारे बीच दोस्ती है, लेकिन हमारे बीच मजबूत राजनीतिक मतभेद हैं। यह व्यक्तिगत संबंध नहीं, बल्कि राजनीति है, जो मायने रखती है।’’
‘‘सत्ता के दलाल’’ के बारे में एक सवाल पर गोविंदन ने कहा कि उन्होंने बिचौलिये के बयानों पर कभी प्रतिक्रिया नहीं दी, क्योंकि उनकी जरूरत नहीं है।
गोविंदन ने कहा, ‘‘इस तरह की धोखाधड़ी पर प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन उन्होंने कुछ चीजों का दावा किया है, और उनकी जांच होनी चाहिए। मैंने कहा कि उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता है, लेकिन उन्होंने जिन सभी मामलों का दावा किया है, उनकी जांच की जानी चाहिए।’’
इस बीच, केपीसीसी प्रमुख के. सुधाकरन ने इस मामले पर जयराजन और माकपा की आलोचना जारी रखी और पूछा कि क्या कोई व्यक्ति बिना किसी संबंध के किसी से मिलने जाएगा।
सुधाकरन ने कहा, ‘‘मुझे इसकी परवाह नहीं है कि जयराजन भाजपा में जाते हैं या नहीं। हम उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित नहीं हैं। जयराजन को किनारे करने के लिए उस पार्टी के अंदर किसी तरह की साजिश थी। इसलिए वह दूर रह रहे थे।’’
विवाद के संबंध में मुख्यमंत्री के बयानों के बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ भाजपा नेता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार शोभा सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि विजयन ने ही हमेशा संदिग्ध पृष्ठभूमि वाले लोगों के साथ संबंध बनाए रखे।
उन्होंने विजयन पर राज्य में कम्युनिस्ट पार्टी की 'बदहाली' का कारण बनने का भी आरोप लगाया।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री विजयन के इस बयान पर सवाल उठाया कि जयराजन और जावडेकर के बीच बैठक में कुछ भी गलत नहीं था।
सतीशन ने परवूर में मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, ‘‘इसका मतलब यह है कि जयराजन ने मुख्यमंत्री की अनुमति से जावडेकर से मुलाकात की थी? एलडीएफ संयोजक को भाजपा राज्य प्रभारी से क्या बात करनी थी?’’
मुख्यमंत्री के यह स्वीकार करने पर कि वह खुद भी जावडेकर से कई बार मिले हैं, नेता प्रतिपक्ष सतीशन ने जानना चाहा कि किस कारण से उन्होंने (विजयन ने) उस भाजपा नेता से मुलाकात की जो अब केंद्रीय मंत्री नहीं हैं।
भाषा सुरेश