इलावेनिल को आईएसएसएफ विश्व कप में कांस्य पदक
सुधीर
- 10 Jun 2025, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
म्यूनिख, 10 जून (भाषा) भारत की दिग्गज निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान को मंगलवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप में प्रतियोगिताओं के पहले दिन महिला 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में एक समय शीर्ष पर रहने के बावजूद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
पच्चीस साल की भारतीय निशानेबाज इलावेनिल ने 231.2 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। चीन की 18 साल की वैंग झिफेई ने 252.7 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि कोरिया की क्वोन युनजी ने 252.6 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
इलावेनिल ने फाइनल में 10.7 अंक के साथ शुरुआत की और फिर अपने अगले प्रयास में 10.8 अंक जुटाए।
दो बार की ओलंपियन इलावेनिल शुरुआती पांच शॉट के बाद कोरिया की ओलंपिक चैंपियन युनजी से 0.3 अंक पीछे थी। वह 10.8 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंची।
इलावेनिल 12 शॉट के बाद 127.2 अंक के साथ शीर्ष पर थीं। इस समय वैंग दूसरे स्थान पर थी।
यहां 2018 में हुए विश्व कप में चौथे स्थान पर रहीं इलावेनिल ने 10.7 अंक के साथ अपनी बढ़त बरकरार रखी। भारतीय निशानेबाज हालांकि इसके बाद 9.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई और अंतत: उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले क्वालीफिकेशन की छह सीरीज के बाद इलावेनिल 635.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वैंग ने 637.9 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। नॉर्वे की जेनेट हेग डुएस्टेड 635.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
वैंग का स्कोर क्वालीफिकेशन का विश्व रिकॉर्ड है।
युनजी क्वालीफिकेशन में 635.6 अंक के साथ चौथे जबकि तुर्की की एलिफ बेर्फिन अल्तुन (634.6) पांचवें स्थान पर रहीं। चीन की विश्व और एशियाई चैंपियन हेन जिआयु ने 634.2 अंक के साथ छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई।
भारत की राष्ट्रीय चैंपियन अनन्या नायडू 632.4 अंक के साथ 15वें पायदान पर रहीं। केवल रैंकिंग अंक के लिए चुनौती पेश कर रहीं रमिता जिंदल ने 632.6 अंक के साथ 13वां स्थान हासिल किया।
मेघना सजनार (केवल रैंकिंग अंक) और आर्या बोर्से ने क्रमश: 25वां और 60वां स्थान हासिल किया।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में निशांत रावत ने 582 अंक बनाकर क्वालिफिकेशन रिले एक में पांचवां स्थान हासिल किया जबकि आदित्य मालरा 578 अंक के साथ 18वें स्थान पर रहे।
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन (प्रिसिजन चरण) के पहले दिन एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकी ईशा सिंह 294 अंक के साथ चौथे जबकि पेरिस ओलंपिक की दोहरी कांस्य पदक विजेता मनु भाकर 290 अंक के साथ 12वें स्थान पर हैं।
सिमरनप्रीत कौर बरार 288 अंक बनाकर 19वें स्थान पर हैं। रेपिड फायर दौर बुधवार को होगा जिसके बाद फाइनल खेला जाएगा।
भाषा