रूपाला के हो रहे विरोध के बीच गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने क्षत्रिय नेताओं के साथ की बैठक
राजकुमार पवनेश
- 25 Apr 2024, 10:01 PM
- Updated: 10:01 PM
सूरत, 25 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री और राजकोट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी पुरूषोत्तम रूपाला के किये जा रहे विरोध के बीच पार्टी की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने बृहस्पतिवार को क्षत्रिय समुदाय के नेताओं के साथ बैठक की।
पाटिल ने कहा कि दक्षिण गुजरात के क्षत्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा का पूर्ण समर्थन करते हैं।
इस बैठक में नवसारी लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से समुदाय के नेताओं ने हिस्सा लिया। पाटिल नवसारी से निवर्तमान लोकसभा सदस्य हैं।
मीडिया को संबोधित करते हुए पाटिल ने कहा कि रूपाला के बयान से राजपूतों का आहत होना स्वभाविक है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आज 108 राजपूत युवक यहां आये हैं। उन्होंने 14 अप्रैल को राजकोट में समुदाय की विशाल सभा में भी हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा है कि उनकी नाराजगी रूपाला से है न कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से क्योंकि देश एवं गुजरात के प्रति उनका (मोदी का) योगदान भुलाया नहीं जा सकता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ वे मोदीजी के प्रति अपना असीम प्यार प्रदर्शित करने यहां आये हैं। क्षत्रिय अपनी बहादुरी एवं क्षमादान के लिए जाने जाते हैं। मैं उनसे हर भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करने की अपील करता हूं। मैं उनसे रूपाला को माफ कर देने का आह्वान करता हूं।’’
नवसारी जिले में चिखली तालुका निवासी राजपूत नेता शैलेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘ क्षत्रिय समुदाय के लिए राष्ट्रधर्म भी पहले आता है। हमने हमेशा पाटिल का समर्थन किया है और करते रहेंगे। हमारा भाजपा सरकार के साथ कोई विरोध नहीं है। हम रूपाला के बयानों को लेकर उनके विरूद्ध हैं और हम विरोध करते रहेंगे।’’
उन्होंने कहा कि यह समुदाय हमेशा भाजपा और पाटिल के साथ रहा है क्योंकि रूपाला पूरी भाजपा नहीं हैं।
रूपाला राजपूतों की नाराजगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने एक रैली में कथित रूप से दावा किया था कि इस समुदाय के शासकों ने ब्रिटिश एवं अन्य विदेशी आक्रमणकारियों के साथ नजदीकी रखी तथा उनके साथ ‘रोटी और बेटी ’ का संबंध रखा।
गुजरात में 25 लोकसभा सीट पर सात मई को एक ही चरण में मतदान होगा।
पाटिल की क्षत्रिय नेताओं के साथ बैठक ऐसे समय हुई है जब ‘राजपूत कोर्डिनेशन कमिटी’ से जुड़े क्षत्रिय नेताओं ने घोषणा की कि रूपाला की उम्मीदवारी रद्द नहीं करने के भाजपा के निर्णय के विरूद्ध वे सात मई के चुनाव से पहले चार महासम्मेलन करेंगे।
इससे पहले समिति के प्रवक्ता करणसिंह चावड़ा ने दावा किया था कि लक्ष्य कम से कम 10 सीट पर भाजपा को हराना है।
भाषा
राजकुमार