बेंगलुरू में क्रिकेट स्टेडियम के पास भगदड़ में 11 लोगों की मौत, 33 घायल: सिद्धरमैया
शुभम सुरेश
- 04 Jun 2025, 11:44 PM
- Updated: 11:44 PM
बेंगलुरु, चार जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए।
यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
इस घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने मृतकों के परिजन को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। साथ ही घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि अगर कोई गड़बड़ पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धरमैया ने कहा, “क्रिकेट एसोसिएशन ने (स्टेडियम में) जीत के जश्न के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था। सरकार की ओर से भी (विधान सौध में) एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक बड़ी त्रासदी हुई। भगदड़ के कारण 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए।”
बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल तथा वैदेही सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐसी त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी और सरकार इस घटना पर दुख जताती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों में अधिकतर युवा पुरुष और महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों की कुल संख्या 47 है, जिनमें वे लोग भी हैं जिन्हें बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में इलाज कराकर छुट्टी दे दी गई है।
चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायल खतरे से बाहर हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार भोजन और अन्य चीजों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेगी।
भगदड़ को "अप्रत्याशित त्रासदी" करार देते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि उन्होंने जिले के उपायुक्त द्वारा 15 दिन की समय-सीमा में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं तथा जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोग और प्रशंसक हमारी उम्मीद से कहीं अधिक इकट्ठे हुए थे। विधान सौध के सामने एक लाख से अधिक लोग इकट्ठे हुए थे और वहां कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में यह त्रासदी हुई। उन्होंने कहा, "किसी ने भी इसकी आशंका नहीं की थी, न ही क्रिकेट एसोसिएशन ने और न ही सरकार ने।"
उन्होंने कहा कि स्टेडियम की क्षमता 35,000 लोगों की है, लेकिन दो-तीन लाख लोग आए।
उन्होंने कहा, "मैच कल शाम (मंगलवार) हुआ था और आज यह कार्यक्रम क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित किया गया था, इसलिए किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि इतने लोग आएंगे। उम्मीद थी कि स्टेडियम की क्षमता के बराबर या उससे थोड़े अधिक लोग आएंगे।"
इस घटना को लेकर भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों द्वारा उनकी सरकार की आलोचना पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए मुख्यमंत्री ने उनपर (भाजपा नेताओं पर) राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, "मैं इस मामले में राजनीति नहीं करना चाहता....इसलिए, लोगों के अप्रत्याशित रूप से वहां एकत्र होने के बावजूद, मैंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जो भी दोषी होगा, चाहे वह सुरक्षा विफलता हो या कोई अन्य विफलता - उन सभी को मजिस्ट्रेट जांच के दायरे में लाया जाएगा।"
आरसीबी ने मंगलवार को अहमदाबाद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर अपना पहला खिताब जीता।
भाषा
शुभम