शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 261 अंक चढ़ा
रमण अजय
- 04 Jun 2025, 05:23 PM
- Updated: 05:23 PM
मुंबई, चार जून (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 261 अंक के लाभ में रहा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 78 अंक की तेजी आई। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला।
बाजार विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका में रोजगार के उम्मीद से बेहतर आंकड़ों तथा अमेरिका और चीन के राष्ट्रपति के बीच इस सप्ताह व्यापार वार्ता पर बातचीत के कारण भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 260.74 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 80,998.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 349.78 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 77.70 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,620.20 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में से इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) 3.32 प्रतिशत के लाभ में रही। इसके अलावा भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और लार्सन एंड टुब्रो शामिल हैं।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लि. के शोध प्रमुख (संपत्ति प्रबंधन) सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बाद भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए और निफ्टी 0.32 प्रतिशत बढ़कर 24,620 अंक पर पहुंच गया। अप्रैल में उम्मीद से बेहतर रोजगार के आंकड़ों के बाद मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। यह शुल्क नीतियों पर चिंताओं के बावजूद अमेरिकी श्रम बाजार में मजबूती को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, इस सप्ताह अमेरिका और चीनी राष्ट्रपति के बीच व्यापार वार्ता को लेकर एक उम्मीद बंधी है। इसके कारण एशियाई बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।’’
मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सूचकांक 0.76 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों से संबंधित स्मॉलकैप 0.58 प्रतिशत मजबूत हुआ।
बीएसई में 2,071 शेयर लाभ में जबकि 1,933 शेयर गिरावट में रहे। वहीं 151 शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार ने हल्के सकारात्मक रुख के साथ एक सीमित दायरे में कारोबार किया। बाजार को अमेरिका में मजबूत रोजगार के आंकड़ों और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने जैसे अनुकूल वैश्विक संकेतों का समर्थन मिला।’’
नायर ने कहा, ‘‘मध्यम और छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन बेहतर है। इसका कारण अनुमान से बेहतर आय वृद्धि और मूल्यांकन में नरमी है। निवेशकों की अब आज से शुरू हुई आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक पर नजर है। इसमें ब्याज दर में कटौती और भविष्य की वृद्धि और मुद्रास्फीति के पूर्वानुमान पर स्पष्टता की उम्मीद है।’’
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में तेज उछाल आया। जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,853.83 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत बढ़कर 65.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 636.24 अंक टूटा था जबकि एनएसई निफ्टी में 174.10 अंक की गिरावट आई थी।
भाषा रमण