कर्नाटक के लिए मेरा प्यार सच्चा, माफी नहीं मांगूंगा : कमल हासन
आशीष पवनेश
- 30 May 2025, 09:09 PM
- Updated: 09:09 PM
(फोटो सहित)
चेन्नई, 30 मई (भाषा) अभिनेता-नेता कमल हासन ने अपने बयान को लेकर एक बार फिर माफी मांगने से इनकार करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह कानून और न्याय में विश्वास करते हैं तथा कर्नाटक के लिए उनका प्यार सच्चा है।
हासन ने यह बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया था कि कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ है।
हासन ने दावा किया कि कन्नड़ समर्थक समूहों द्वारा उनकी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगने पर फिल्म का बहिष्कार करने की धमकी देना कोई नयी बात नहीं है और उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं।
हासन ने यहां द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के राज्य मुख्यालय ‘अन्ना अरिवालयम’ के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह लोकतांत्रिक देश है। मैं कानून और न्याय में विश्वास करता हूं। मेरा मानना है कि प्रेम की हमेशा जीत होती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल के लिए मेरा प्यार सच्चा है। कोई भी इस पर संदेह नहीं करेगा, सिवाय उन लोगों के जिनका कोई एजेंडा है। मुझे पहले भी धमकी दी गई है। अगर मैं गलत हूं, तो मैं माफी मांगूंगा। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो मैं नहीं मांगूंगा।’’
मक्कल नीधि मैयम (एमएनएम) पार्टी के प्रमुख हासन (70) ने मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।
हासन ने कहा कि नामांकन दाखिल करने समेत राज्यसभा चुनाव की तैयारी के संबंध में भी चर्चा हुई। द्रमुक ने राज्यसभा की एक सीट के लिए एमएनएम को समर्थन दिया है। एमएनएम ने इस मुलाकात को ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया।
चेन्नई में अपनी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने यह टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि कन्नड़ भाषा तमिल से ही पैदा हुई है।
कन्नड़ फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चेतावनी दी है कि अगर हासन ने माफी नहीं मांगी तो उनकी आगामी फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। उनकी टिप्पणी का कर्नाटक में भी तीखा विरोध हुआ।
इस बीच, ‘साउथ इंडियन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन’ ने दावा किया कि कुछ लोगों ने न केवल हासन द्वारा व्यक्त किए गए शब्दों की गलत व्याख्या की है, बल्कि भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं। एसोसिएशन ने एक बयान में कहा, ‘‘इससे अनावश्यक असहज स्थिति और तनाव पैदा हो रहा है।’’
एसोसिएशन ने कहा कि हासन एकता की आवाज और भाईचारे के प्रतीक हैं, जिन्होंने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि सभी को उचित महत्व दिया जाना चाहिए। हासन ने ‘कर्नाटक कमल हासन चैरिटी मूवमेंट’ के माध्यम से कर्नाटक में 40 से अधिक वर्षों तक विभिन्न कल्याणकारी परियोजनाओं को संचालित करने में यह दृष्टिकोण दिखाया है।
बयान में याद दिलाया गया कि ऑडियो लॉन्च के अवसर पर मौजूद कन्नड़ अभिनेता शिवराजकुमार ने अपने पिता राजकुमार और हासन के बीच के मधुर संबंधों के बारे में बताया था।
एसोसिएशन ने कहा कि कुछ लोग हासन के बयान के नाम पर अपने निजी लाभ के लिए कन्नड़ और तमिल लोगों को विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं। बयान में कहा गया कि यह एक गलत मिसाल है और इतिहास में इसे काले धब्बे के रूप में याद किया जाएगा।
एसोसिएशन ने कर्नाटक के लोगों से अपील की कि वे हासन द्वारा प्यार की भावना से कहे गए शब्दों का सही अर्थ समझें और उनके खिलाफ सुनियोजित रूप से फैलाई जा रहे दुष्प्रचार को रोकने का प्रयास करें।
भाषा आशीष