रूस ने कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया
एपी यासिर दिलीप
- 24 May 2025, 05:13 PM
- Updated: 05:13 PM
कीव, 24 मई (एपी) रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर शुक्रवार रात तथा शनिवार तड़के ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम 15 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पूरे शहर में विस्फोटों की आवाज सुनाई दी और कीव के अनेक लोगों को भूमिगत ‘सबवे स्टेशन’ में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
यह हमला ऐसे समय में किया गया, जब कुछ घंटे पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच सैकड़ों बंदियों की अदला-बदली की शुरुआत हुई।
इस्तांबुल में पिछले सप्ताह हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के पहले चरण में सैनिकों और आम नागरिकों को अदला-बदली के तहत रिहा किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 250 शाहिद ड्रोन से हमला किया। उन्होंने बताया कि यूक्रेन की सेना ने छह मिसाइलों को मार गिराया और 117 ड्रोन को विफल किया, जबकि 128 ड्रोन को मार गिराया।
कीव सिटी सैन्य प्रशासन ने कहा कि यह राजधानी पर सबसे बड़े संयुक्त मिसाइल और ड्रोन हमलों में से एक था।
यूक्रेन की राजधानी के कम से कम छह शहरी जिलों में रोकी गई मिसाइलों और ड्रोन का मलबा गिरा। कीव के सैन्य प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख तैमूर तकाचेंको के अनुसार, हमले के बाद छह लोगों को चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता पड़ी और कीव के सोलोमियान्स्की जिले में दो जगहों पर आग लग गई।
प्रशासन ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान ओबोलोन जिले में हुआ, जहां हमले में एक रिहायशी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और इस इलाके में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय निवासी यूरी बॉन्डार्चुक ने कहा कि हमेशा की तरह ही हवाई हमले का सायरन बजा और फिर ड्रोन उड़ने लगे तथा कुछ ही क्षणों बाद एक धमाके की आवाज सुनी।
उन्होंने अपने अपार्टमेंट को हुए नुकसान के बारे में कहा, ‘‘बालकनी पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है, खिड़कियां और दरवाजे भी नष्ट हो गए हैं।’’
हमले से पहले, शहर के मेयर विताली क्लित्स्को ने कीव निवासियों को सचेत किया था कि 20 से अधिक रूसी हमलावर ड्रोन कीव की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हमले के दौरान ड्रोन का मलबा कीव के ओबोलोन जिले में एक ‘शॉपिंग मॉल’ और एक रिहायशी इमारत पर गिरा।
रूस और यूक्रेन के बीच एक-एक हजार बंदियों की अदला-बदली होनी है और शुक्रवार को इसका पहला चरण था।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि पहले चरण में 390 यूक्रेनी वापस लाए गए तथा सप्ताहांत में और लोगों को रिहा किए जाने की उम्मीद है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन ने भी उसके (रूस के) इतने ही कैदियों को वापस भेजा है।
यूक्रेन के एक अधिकारी ने बताया कि यह अदला-बदली उत्तरी यूक्रेन में बेलारूस की सीमा पर हुई।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रिहा किए गए रूसियों को चिकित्सा उपचार के लिए बेलारूस ले जाया गया है।
एपी यासिर