सरसों तेल-तिलहन में गिरावट, सोयाबीन तिलहन में सुधार
राजेश राजेश अजय
- 23 Dec 2025, 07:24 PM
- Updated: 07:24 PM
नयी दिल्ली, 23 दिसंबर (भाषा) सरकार की ओर से सोमवार देर शाम सरसों की बिकवाली किये जाने के बीच स्थानीय तेल-तिलहन बाजार में मंगलवार को सरसों तेल-तिलहन के भाव गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर सोयाबीन डी-आयल्ड केक (डीओसी) की मांग में सुधार और नीचे हाजिर दाम पर किसानों की कम बिकवाली के मद्देनजर आवक घटने से सोयाबीन तिलहन के दाम में सुधार आया। सामान्य और सुस्त कारोबार के बीच मूंगफली तेल-तिलहन एवं सोयाबीन तेल, कच्चे पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल कीमतें पूर्वस्तर पर ही बंद हुईं।
मलेशिया और शिकॉगो एक्सचेंज में सुधार का रुख है। शिकॉगो एक्सचेंज में कल रात भी सुधार था।
बाजार सूत्रों ने कहा कि सरकारी एजेंसियों ने कल देर शाम 1,530 टन सरसों की बिकवाली की। इससे सटोरियों के हौसले थोड़ा सुस्त पड़ गये। सरकार की ओर से सरसों की बिक्री, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से लगभग 8-9 प्रतिशत ऊंचे दाम पर की गई। सरकार, स्टॉकिस्ट और किसानों के पास सरसों का स्टॉक है और अगले कुछ समय में सरसों की नयी फसल के भी बाजार में आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सरकार को आगामी खरीद को अंजाम देने के लिए अपने पुराने स्टॉक को जल्द से जल्द निकालना होगा। सरकार की इस बिकवाली से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट देखी गई।
वहीं दूसरी ओर, जाड़े की मांग रहने और सोयाबीन के हाजिर दाम एमएसपी से 12-14 प्रतिशत नीचे रहने के बीच किसान बाजार में आवक कम ला रहे हैं। इसके अलावा डीओसी की मांग बेहतर होने से सोयाबीन तिलहन के दाम में सुधार देखने को मिला।
सामान्य और सुस्त कारोबार के बीच मूंगफली तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम स्थिर रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन - 6,975-7,025 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली - 6,450-6,825 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 15,500 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल - 2,485-2,785 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,425 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,425-2,525 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,425-2,570 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 13,475 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 13,075 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 10,250 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 11,350 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 12,200 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 13,050 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 12,050 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना - 4,775-4,825 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 4,475-4,525 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश