दिल्ली: बीड़ी देने से मना करने पर एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या
प्रीति माधव
- 22 Apr 2025, 08:30 PM
- Updated: 08:30 PM
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में दो लोगों को बीड़ी देने से इनकार करने पर एक युवक की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात को हुई इस घटना में युवक का बड़ा भाई और उसका दोस्त घायल हो गए। घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को एक पार्क में सोहेब ने स्थानीय निवासी मुन्ना और सनी को बीड़ी देने से इनकार कर दिया, जिससे गुस्से में दोनों युवकों ने सोहेब को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस के अनुसार, सोहेब ने घर जाकर अपनी मां सबुक्ता को इस बारे में बताया। इसके बाद सबुक्ता, सोहेब और उसके बड़े भाई मोहसिन के साथ उन दोनों लोगों के पास गयी। सोहेब ने अपने दोस्त अकरम को भी मौके पर बुला लिया।
पुलिस ने बताया कि यह झड़प उस समय हिंसक हो गई जब मुन्ना (26) ने अपने भाई इम्तियाज (30) और भतीजे सनी (20) के साथ मिलकर सोहेब और उसके साथ आए लोगों पर चाकुओं से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घायलों को ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोहेब को मृत घोषित कर दिया। सोहेब को कई बार चाकू घोंपा गया था और वह सड़क पर गिर गया था, जबकि मोहसिन को बाद में गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया और अकरम मामूली रूप से घायल हो गया।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई, जिसके बाद आरोपी फिरोज उर्फ मुन्ना, इम्तियाज और सौदागर उर्फ सनी को गिरफ्तार कर लिया गया।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से खून से सने दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।
सबुक्ता ने बताया कि उनके बेटे की सिर्फ यही गलती थी कि उसने आरोपी को बीड़ी देने से मना कर दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों ने पहले उसे थप्पड़ मारा और भाग गए। हम पूरा मामला सुलझाने के लिए उनके घर गए। एक आरोपी ने चाकू पकड़ रखा था और उसने सोहेब और उसके बड़े भाई मोहसिन पर चाकू से हमला कर दिया। सोहेब भागने की कोशिश कर रहा था तभी आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और फिर से चाकू घोंप दिया।’’
सोहेब की बहन सहाना ने अपने परिवार के लिए न्याय की मांग की है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम न्याय चाहते हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।’’
भाषा प्रीति