भाजपा की फिल्म पहले दिन पहले शो में ही ‘फ्लॉप’ हो गयी : अखिलेश यादव
संगीता आनन्द अमित अमित
- 20 Apr 2024, 08:09 PM
- Updated: 08:09 PM
मेरठ/अमरोहा (उप्र), 20 अप्रैल (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में पहले चरण के मतदान से माहौल बदलने का दावा करते हुए शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फिल्म पहले दिन पहले शो में ही ‘फ्लॉप’ हो गयी है।
अखिलेश यादव मेरठ में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार सुनीता वर्मा के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यादव मेरठ की सभा के बाद अमरोहा में विपक्षी दलों के समूह 'इंडिया गठबंधन' के प्रमुख घटक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस उम्मीदवार दानिश अली के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीट सहारनपुर, बिजनौर, कैराना, मुजफ्फरनगर, नगीना (आरक्षित), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में शुक्रवार को मतदान हुआ। इसमें अधिकांश सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आती हैं।
सपा अध्यक्ष यादव इन आठ लोकसभा क्षेत्रों में हुए पहले चरण के मतदान का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम से चलने वाली हवा ने दृश्य बदल दिया है, न केवल उनकी फिल्म ‘फ्लॉप’ हुई है, बल्कि कोई भी उनकी घिसी पिटी कहानी या संवाद नहीं सुनना चाहता है। कोई भी उन्हें वोट नहीं देना चाहता।'' उन्होंने सपा उम्मीदवार सुनीता वर्मा के लिए समर्थन मांगा।
‘अखिलेश यादव-राहुल गांधी जिंदाबाद’ नारों के बीच अमरोहा में यादव ने उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘इस जगह दिखायी पड़ रहा है कि ऐतिहासिक वोट से दानिश अली जीतने जा रहे हैं।’’
सपा प्रमुख यादव ने कहा, ‘‘मैं हर सभाओं में कह रहा हूं कि इस बार पश्चिम की हवा जो चलेगी वह भारतीय जनता पार्टी का न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि देश में सफाया करेगी।''
इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अमरोहा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया था। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि फिल्म "दो शहजादे की जोड़ी" की शूटिंग चल रही है, लेकिन उनकी फिल्म पहले ही ‘रिजेक्ट’ हो चुकी (नकारी जा चुकी) है।
यादव ने मेरठ की सभा में मौजूद लोगों से सवाल किया कि यह क्रांतिकारियों की भूमि है और यहां के लोगों का देश को आजादी दिलाने में बहुत योगदान है, ‘‘क्या वे भाजपा से आजादी दिलाने में भी मदद करेंगे।’’
उन्होंने अमरोहा की सभा में कहा, ''हम लोगों ने बड़े मन से गठबंधन किया है, इसलिए गठबंधन के उम्मीदवार को पूरी ताकत से जिताने का कार्य करें।''
उन्होंने सवाल किया, ''पश्चिम से जो हवा चली उसने पहले चरण में सब कुछ बदल दिया, जो लोग दूसरे दलों की फिल्म को ‘फ्लॉप शो’ कहते थे, क्या भाजपा की फिल्म पहले दिन पहले शो में ‘फ्लॉप’ नहीं हुई?''
यादव ने दावा किया, ''कल ही जनता ने भाजपा को पहले ही चरण में पलट दिया। जो लोग (प्रधानमंत्री) कहते थे कि उनकी फिल्म चल नहीं रही है, मैं उनको बताना चाहता हूं पहले दिन ही भाजपा का पहला शो ‘फ्लॉप’ रहा, उनकी झूठी कहानी कोई सुनना नहीं चाहता। उनके घिसे पिटे ‘डायलॉग’ (संवाद) जनता के बीच चल नहीं रहे, जब विदाई करते हैं तो ढोल नगाड़े से विदाई करते हैं।''
यादव ने भाजपा के पूरे प्रदेश से सफाये का दावा करते हुए कहा, ''इस बार अमरोहा की ढोलक बजाकर भाजपा की विदाई होने जा रही है। जो कभी जुमले लेकर आए थे, जिन्होंने कहा किसान की आय दोगुनी हो जाएगी, जिनका एक भी वादा पूरा नहीं हुआ, उनकी विदाई तय है।''
मोदी की गारंटी पर कटाक्ष करते हुए सपा अध्यक्ष यादव ने इन्हें ‘‘नया धोखा’’ करार दिया। यादव ने कहा, "नयी गारंटी धोखा है, सभी को इनसे सावधान रहना चाहिए। यह गारंटी नहीं बल्कि 'घंटी' है। हम आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान की बड़ी गारंटी में विश्वास करते हैं। हम वह गारंटी चाहते हैं जो रोजगार, आरक्षण और 'मान-सम्मान' दे, भाजपा की गारंटी नहीं चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब वे सभी मुद्दों पर विफल हो गए, जब लोगों को उनके जुमलों की वास्तविकता समझ में आई, तो वे एक नयी तरह की गारंटी लेकर आए। यह गारंटी उनके जुमलों से अधिक लंबी है, किसानों की आय दोगुनी करने, दो करोड़ नौकरी देने और बुनकरों की समृद्धि के बारे में उनके जुमलों का नतीजा सभी जानते हैं।"
प्रश्न पत्र लीक मामले की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 60 लाख युवाओं के साथ छल किया गया और एक युवक के घर से तीन वोट भी जोड़ लो तो भाजपा के उत्तर प्रदेश में (भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के) एक करोड़ 80 लाख वोट कम हो गये। उन्होंने भाजपा के खिलाफ पंचायत करने वालों को बधाई दी। यादव ने अपनी हर सभाओं की तरह दोहराया कि ''यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है।''
उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग दूसरों को भ्रष्ट बताते हैं, आज भ्रष्टाचारियों और माफिया का सबसे बड़ा गोदाम भाजपा है, सभी भ्रष्ट इसमें हैं और राज्य के सभी माफिया वहां पहुंच गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे चुनावी बांड के बारे में बात नहीं करना चाहते हैं, हर कोई जानता है कि लोग अपनी मर्जी से चंदा देते हैं लेकिन भाजपा ने इसे ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और आयकर के माध्यम से वसूला है।’’
भाजपा को सबसे बड़ा झूठ करार देते हुए यादव ने कहा, "हम भविष्य के बारे में सोचते हैं लेकिन भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है, मैं सभी से अपील करता हूं कि बूथ पर कड़ी नजर रखें और भाजपा का खेल खत्म करें।''
उन्होंने वादा किया कि लोकसभा चुनाव जीतने पर सपा और ‘इंडिया’ गठबंधन न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) गारंटी पर किसानों की मांग को पूरा करके और उन्हें समृद्ध बनाकर किसानों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा। मेरठ लोकसभा क्षेत्र में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है।
भाषा संगीता आनन्द अमित