अप्रैल में बारिश और कीमतों में पांच प्रतिशत की वृद्धि से एसी की बिक्री पर पड़ेगा असर : उद्योग
अजय अनुराग
- 13 Apr 2025, 04:24 PM
- Updated: 04:24 PM
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दक्षिण भारत में रुक-रुक कर हो रही बारिश तथा उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों के कुछ भागों में मध्यम वर्षा के साथ हाल ही में आए तूफान ने अप्रैल में घर में इस्तेमाल होने वाले रूम एयर कंडीशनर (एसी) की बिक्री की गति धीमी कर दी है। हालांकि, उद्योग को इस साल अब भी इस खंड में दहाई अंक की वृद्धि की उम्मीद है, क्योंकि हाल के मौसम पूर्वानुमानों में तीव्र गर्मी का संकेत दिया गया है।
ब्लू स्टार, सैमसंग और हायर जैसी एसी कंपनियां भी अप्रैल से कीमतों में पांच प्रतिशत तक वृद्धि करने जा रही हैं। यह मूल्यवृद्धि व्यापक आर्थिक अस्थिरता के बीच मुद्रा विनिमय में उतार-चढ़ाव और कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के प्रभाव को कम करने के लिए है।
इसके अलावा, रूम एसी उद्योग अभी भी मुख्य रूप से चीन से कंप्रेसर, पीसीबी और पंखा मोटर जैसे महत्वपूर्ण कलपुर्जों के आयात पर निर्भर है, और अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा शुरू किए गए शुल्क गतिरोध को लेकर चिंतित है।
ऐसी विषम परिस्थितियों के बावजूद, रूम एसी उद्योग को जून तिमाही में दो अंकीय वृद्धि की उम्मीद है। यह सीजन कंप्रेसर आधारित ठंडक प्रदान करने वाले उत्पादों की बिक्री में बड़ा योगदान देता है। पिछले साल ऊंचे आधार प्रभाव के बीच उद्योग ने करीब 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।
गोदरेज अप्लायंसेज के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि अब तक आरएसी (रूम एसीत्र की बिक्री पर मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिला है।
नंदी ने पीटीआई-भाषा से कहा, “अगर आप दक्षिणी बाजार को देखें तो बीच-बीच में बारिश हो रही है। हालांकि, उत्तर, पश्चिम और पूर्व में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बाजार का करीब 23 प्रतिशत हिस्सा दक्षिणी क्षेत्र है, जो अभी तक गर्म नहीं हुआ है। इससे एयर कंडीशनर की कुल बिक्री पर निश्चित रूप से असर पड़ेगा।”
उन्होंने कहा, “अप्रैल में बिक्री चुनौतीपूर्ण रहेगी। मई और जून में तापमान बढ़ने के साथ इसमें तेजी आएगी।”
उन्होंने कहा कि गोदरेज अप्लायंसेज को जून तिमाही में 50 प्रतिशत की उच्च वृद्धि की उम्मीद है।”
हायर इंडिया के अध्यक्ष एन सतीश ने कहा, “अब लोग टन भार के बजाय ठंडा करने की क्षमता पर ध्यान देने लगे हैं।”
सतीश ने बताया कि हायर इंडिया 15 अप्रैल से आरएसी की कीमत में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि करने जा रही है।
उन्होंने कहा, “यह कुल वृद्धि कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी और मुद्रा विनिमय में उतार-चढ़ाव के प्रभाव के कारण है।”
ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी त्यागराजन ने कहा, “कच्चे माल और विनिमय दर के कारण हम पहले ही कीमतों में पांच प्रतिशत तक की वृद्धि कर चुके हैं। हम ऐसा करने वाली पहली कंपनी हैं।”
उन्होंने कहा कि तांबा, इस्पात, एल्युमीनियम और रेफ्रिजरेंट गैस जैसे कच्चे माल की कीमतें बढ़ रही हैं। साथ ही डॉलर बनाम रुपये की विनिमय दर भी अस्थिर रही है।
भाषा अजय अनुराग