मुरलीधरन की जीत की संभावना को नुकसान पहुंचाने के लिए उन्हें त्रिशूर से उम्मीदवार बनाया गया: पद्मजा
सिम्मी अविनाश
- 11 Mar 2024, 04:30 PM
- Updated: 04:30 PM
त्रिशूर (केरल), 11 मार्च (भाषा) हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुईं पद्मजा वेणुगोपाल ने सोमवार को दावा किया कि उनके भाई एवं लोकसभा सदस्य के. मुरलीधरन को कांग्रेस ने जानबूझकर वडकरा के बजाय त्रिशूर से उम्मीदवार बनाया है ताकि उनके जीतने की संभावना को नुकसान पहुंचाया जा सके।
दिवंगत कांग्रेस नेता एवं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा ने साथ ही दावा किया कि भाजपा के उम्मीदवार सुरेश गोपी त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतेंगे।
पद्मजा वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘त्रिशूर के कुछ नेताओं को करुणाकरण के बच्चे पसंद नहीं हैं। मुझे लगता है कि मेरे भाई वडकरा सीट (जिसका वह इस समय प्रतिनिधित्व कर रहे हैं) से आगामी चुनाव आसानी से जीत जाते। मुझे आश्चर्य है कि पार्टी ने उन्हें त्रिशूर से क्यों मैदान में उतारा।’’
उन्होंने यहां मीडियाकर्मियों से कहा कि जब उन्होंने पिछले चुनाव में त्रिशूर से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, तो उन्हीं नेताओं ने उनकी हार की कथित साजिश रची थी, जिन्हें उनके भाई मुरलीधरन के साथ देखा गया था जब वह अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने के लिए मध्य केरल निर्वाचन क्षेत्र में आए थे।
वेणुगोपाल ने त्रिशूर में कांग्रेस नेताओं के एक समूह पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनमें से कुछ ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान उन्हें प्रियंका गांधी वाद्रा के बगल में खड़े होने देने के लिए उनसे पैसे लिए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन उन्होंने मुझे उनके (प्रियंका गांधी) साथ यात्रा नहीं करने दी। मुझे पता चला कि केपीसीसी (केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी) ने कार्यक्रम के लिए धन दिया था। मैंने इस संबंध में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से शिकायत की लेकिन कुछ नहीं हुआ।’’
कांग्रेस ने पद्मजा वेणुगोपाल के आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पद्मजा वेणुगोपाल ने युवा कांग्रेस के उन नेताओं पर भी हमला किया, जिन्होंने उनके भाजपा में शामिल होने के बाद उनके खिलाफ कथित तौर पर अप्रिय टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा, ‘‘वे सभी टीवी बहसों के माध्यम से नेता बने हैं।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि अगर पार्टी उनसे सुरेश गोपी के लिए प्रचार करने को कहेगी तो वह ऐसा करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘वह चुनाव जीतेंगे।’’
कांग्रेस ने त्रिशूर से मुरलीधरन को मैदान में उतारा है, जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने यहां से अपने वरिष्ठ नेता वी एस सुनील कुमार को टिकट दिया है।
भाषा सिम्मी