भाजपा से निष्कासित विधायक यतनाल ने अपने प्रस्तावित राजनीतिक संगठन की रूपरेखा पेश की
राखी अविनाश
- 31 Mar 2025, 07:09 PM
- Updated: 07:09 PM
कोप्पल (कर्नाटक), 31 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने सोमवार को अपनी प्रस्तावित राजनीतिक पार्टी की रूपरेखा पेश की।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा अब हिंदुओं के लिए काम नहीं कर रही है क्योंकि पार्टी "समायोजन की राजनीति" में विश्वास रखती है।
प्रभावशाली लिंगायत समुदाय से आने वाले यतनाल को पूर्व मुख्यमंत्री और लिंगायत नेता बी. एस. येदियुरप्पा तथा उनके बेटे एवं कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र की आलोचना करने के कारण छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
अपनी पार्टी को जातिगत पहचान से परे रखने का संकेत देते हुए उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हम सिर्फ कित्तूर रानी चेन्नम्मा या रायन्ना ब्रिगेड तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पूरे हिंदू समुदाय के लिए काम करेंगे। हम उन सभी को साथ लेकर चलेंगे जो कित्तूर रानी चेन्नम्मा, उनके सेनापति संगोली रायन्ना, महर्षि वाल्मीकि और बी. आर. आंबेडकर में विश्वास रखते हैं।"
यतनाल ने कहा कि वह विजयादशमी तक लोगों से उनकी राय लेंगे और फिर आगे की योजना बनाएंगे।
विधायक ने कहा, "मैं सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से राय लूंगा। भाजपा अब हिंदुओं के पक्ष में नहीं है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में भाजपा नेतृत्व का कांग्रेस के साथ 'समझौता' है क्योंकि "पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और उनके बेटे विजयेंद्र पर कई घोटालों के आरोप हैं।"
यतनाल ने आरोप लगाया कि येदियुरप्पा और उनके परिवार को 'समायोजन' की राजनीति के कारण सुरक्षा मिल रही है।
विधायक ने कहा, "अगर राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया होता, तो येदियुरप्पा अब तक जेल में होते। उन्होंने हजारों करोड़ रुपये लूटे हैं... लोगों की राय जानने के लिए मैं पूरे कर्नाटक का दौरा करूंगा।’’
यतनाल ने सोमवार को कांग्रेस नेता अनिल कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात से कई अटकलें तेज हो गईं।
विधायक ने रविवार को संकेत दिया था कि अगर विजयेंद्र को भाजपा का राज्य अध्यक्ष बनाए रखा जाता है तो वह नयी राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं।
यतनाल ने कहा कि उनका कांग्रेस में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है।
विधायक ने कहा, "न तो इस जन्म में, न ही अगले जन्म में, मैं कांग्रेस में शामिल होंगा। कांग्रेस मुस्लिमों की पार्टी है, हिंदुओं की नहीं।"
यतनाल के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के मंत्री एम. बी. पाटिल ने कहा कि इसकी संभावना बेहद कम है।
पाटिल ने पत्रकारों से कहा, "अगर वह (यतनाल) हमारी पार्टी की सदस्यता के लिए आवेदन भी करते हैं, तो भी उन्हें शामिल करना मुश्किल होगा क्योंकि उन्होंने एक विशेष समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं।"
भाषा राखी