प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई में रोड शो किया
आशीष वैभव
- 09 Apr 2024, 11:07 PM
- Updated: 11:07 PM
चेन्नई, नौ अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु में 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले मंगलवार को चेन्नई के टी. नगर इलाके में एक रोड शो किया।
बाद में, प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि शहर में आयोजित यह रोड शो हमेशा उनकी स्मृति का हिस्सा रहेगा और चेन्नई ने उनका दिल जीत लिया है।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘चेन्नई ने मेरा दिल जीत लिया है। इस जीवंत शहर में आज का रोड शो हमेशा मेरी स्मृति का हिस्सा रहेगा। लोगों का आशीर्वाद मुझे आपकी सेवा में कड़ी मेहनत करते रहने और हमारे देश को और भी अधिक विकसित बनाने की शक्ति देता है। चेन्नई में लोगों का उत्साह यह भी दर्शाता है कि तमिलनाडु बड़े पैमाने पर राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को समर्थन देने के लिए तैयार है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं चेन्नई की अपनी बहनों और भाइयों को आश्वासन देता हूं कि हमारी सरकार इस जीवंत शहर के कल्याण के लिए काम करती रहेगी। पिछले कुछ वर्षों में, मैं अक्सर प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए यहां आया हूं, जो ‘जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा देंगे। इसके मूल में कनेक्टिविटी है।’’
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई कई परियोजनाओं का उल्लेख किया।
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने शहर के लिए कुछ खास नहीं किया। मोदी ने कहा, ‘‘वर्षों तक द्रमुक ने चेन्नई के लोगों से वोट तो लिए, लेकिन शहर के लिए कुछ खास नहीं किया। द्रमुक भ्रष्टाचार और पारिवारिक शासन को बढ़ावा देने में व्यस्त है। पार्टी के सांसद लोगों के लिए उपलब्ध नहीं होते, खासकर जब समय चुनौतीपूर्ण हो।’’
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी सरकार तमिल संस्कृति को सर्वोच्च सम्मान देती है। मुझे बहुत गर्व महसूस हुआ कि मुझे संयुक्त राष्ट्र में तमिल भाषा में कुछ शब्द बोलने का अवसर मिला। हम तमिल संस्कृति और भाषा को विश्व मंच पर लोकप्रिय बनाना जारी रखेंगे। दो साल पहले, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल का उद्घाटन किया गया था जो तमिल संस्कृति के पहलुओं को और लोकप्रिय बनाएगा।’’
रोड शो के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और दक्षिण चेन्नई, मध्य चेन्नई और उत्तरी चेन्नई के भाजपा उम्मीदवार भी प्रधानमंत्री के साथ रहे।
भाजपा ने तमिलिसाई सौंदरराजन को दक्षिण चेन्नई से, जबकि विनोज पी. सेल्वम और आर.सी. पॉल कनगराज को क्रमशः मध्य चेन्नई और उत्तरी चेन्नई से मैदान में उतारा है।
एक सजी हुई कार के ऊपर खड़े होकर प्रधानमंत्री ने सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े अपने समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो के दौरान भाजपा का चुनाव चिह्न ‘कमल’ का छोटा सा कटआउट हाथ में लिया हुआ था।
उत्साही समर्थकों ने मोदी पर फूलों की वर्षा की और लोगों ने उनके स्वागत में नारे लगाए।
यहां पनागल पार्क से तेनाम्पेट तक दो किलोमीटर का रोड शो लगभग 45 मिनट तक चला और इस दौरान प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए लोगों की ओर हाथ हिलाते दिखाई दिए।
रोड शो के दौरान जुटी भीड़ में मौजूद लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगाए। कई लोग भाजपा और मोदी की प्रशंसा में लिखी तख्तियां थामे भी दिखे।
तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा आशीष