कांग्रेस दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों के लिए अलग घोषणापत्र जारी करेगी : अरविंदर लवली
शफीक रंजन
- 08 Apr 2024, 09:26 PM
- Updated: 09:26 PM
(सुगंधा झा)
नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों से निपटने के लिए राजधानी की उन तीन लोकसभा सीटों के वास्ते अलग से घोषणापत्र जारी करेगी, जिन पर पार्टी चुनाव लड़ रही है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि उनकी पार्टी तीन सीटों - चांदनी चौक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिम दिल्ली - के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम मंगलवार या बुधवार तक जारी कर देगी।
लवली ने कहा, ‘‘एक या दो दिन में हम आधिकारिक तौर पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे और एक बार उम्मीदवारों की घोषणा हो जाने के बाद हम अपनी पहले से तैयार की गई चुनावी योजना को क्रियान्वित करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के लिए हमारा अलग घोषणापत्र है। हम उन तीनों संसदीय क्षेत्रों के लिए एक घोषणापत्र जारी करेंगे, जहां हम स्थानीय समस्याओं को दूर करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।’’
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया जिसमें उसने जाति जनगणना कराने, आरक्षण की सीमा बढ़ा कर 50 प्रतिशत से अधिक करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने और नई शिक्षा नीति में संशोधन करने समेत कई वादे किए हैं।
कांग्रेस 2024 का लोकसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन में लड़ रही है, जिसके तहत आप सात में से चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
लवली ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उसके उम्मीदवार निर्वाचन क्षेत्रों में घूम-घूमकर भाजपा सांसदों की ‘‘विफलता’’ को उजागर करेंगे।
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘पिछले 10 वर्षों से दिल्ली में भाजपा के सांसदों ने यहां कोई काम नहीं किया है। हम जनता के बीच एक सरल प्रश्न लेकर जाएंगे कि इन सांसदों ने पिछले 10 वर्षों में उनके लिए क्या किया है? अगर वे पिछले 10 वर्षों में कुछ नहीं कर पाए, तो आप (जनता) उनसे अगले पांच वर्षों में ऐसा करने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?’’
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर लवली ने कहा कि पार्टी ने पहले ही जमीनी स्तरप पर काम करना शुरू कर दिया है और अपने मतदाताओं से जुड़ने के लिए सार्वजनिक बैठकें कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 5-6 महीनों में, कांग्रेस ने प्रदूषण जैसे जनता से जुड़े संबंधित मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया है। यह हमारे लिए सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि हर दिल्लीवासी के लिए चिंता का कारण है। कांग्रेस पहले से ही जमीनी स्तर पर काम कर रही है और कार्यकर्ता उत्साहित हैं और हमें उम्मीद है कि कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’
भाजपा पर पिछली कांग्रेस सरकारों की उपलब्धियों का श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए लवली ने कहा कि केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद पार्टी राष्ट्रीय राजधानी में अपने दम पर विकास कार्य करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कहा है कि उन्होंने क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलकर एक बड़ा काम किया है। अगर एक सांसद को लगता है कि 10 साल में केवल एक स्कूल खोलना एक उपलब्धि है, तो लोगों को फैसला करना होगा।’’
लवली ने दावा किया, ‘‘दरअसल, यह स्कूल पूर्व कांग्रेस सांसद जयप्रकाश अग्रवाल के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। वह (तिवारी) यह भी दावा करते हैं कि दिल्ली का ‘सिग्नेचर ब्रिज’ उन्होंने ही बनवाया था, जब सिग्नेचर ब्रिज स्वीकृत हुआ था तब मनोज तिवारी जी राजनीति में भी नहीं थे।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने इस बार दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए मनोज तिवारी को छोड़कर अपने सभी उम्मीदवार बदल दिए हैं।
भाषा शफीक