सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए उभरा था द्रविड़ आंदोलन: स्टालिन
अमित पवनेश
- 28 Jan 2025, 09:17 PM
- Updated: 09:17 PM
विल्लुपुरम (तमिलनाडु), 28 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को यहां कहा कि द्रविड़ आंदोलन सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए उभरा था और द्रमुक सामाजिक न्याय के मार्ग पर अपनी यात्रा जारी रखेगी।
स्टालिन ने कहा कि द्रमुक शासन के दौरान ही पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 31 प्रतिशत किया गया था, अनुसूचित जातियों को 18 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था, अनुसूचित जनजातियों को एक प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था, जबकि अति पिछड़े वर्गों के लिए अलग से आरक्षण की घोषणा की गई थी, सरकार ने अरुंथथियार के लिए 3 प्रतिशत आंतरिक आरक्षण के अलावा मुसलमानों के लिए 3.5 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया।
विल्लुपुरम जिले के दौरे पर आये मुख्यमंत्री स्टालिन ने जिले के वझुधरेड्डी में 5.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक स्मारक का उद्घाटन किया। स्मारक का निर्माण वन्नियार समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले 21 सामाजिक न्याय कार्यकर्ताओं के सम्मान में किया गया है।
स्टालिन ने पूर्व मंत्री ए. गोविंदस्वामी की प्रतिमा के साथ एक स्मारक हॉल का भी उद्घाटन किया और कहा कि 21 लोग 1987 में अन्नाद्रमुक शासन में आरक्षण के लिए संघर्ष के दौरान पुलिस की गोलीबारी में मारे गए थे।
उन्होंने कहा कि इस उद्घाटन के साथ ही 2019 विक्रवंडी उपचुनाव के दौरान किया गया चुनावी वादा पूरा हुआ।
इस अवसर पर कई घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि लंबे समय से लंबित नंदन नहर परियोजना को किसानों के लाभ के लिए 304 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त थलावनूर चेक डैम का 84 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण किया जाएगा, कंदमंगलम पंचायत यूनियन में शंकरबरनी नदी पर वझुदावुर के पास 30 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से चेक डैम का निर्माण किया जाएगा और 35 करोड़ रुपये की लागत से एक संयुक्त पेयजल परियोजना भी क्रियान्वित की जाएगी।
स्टालिन ने कहा कि इसके अलावा, 1.50 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुउद्देश्यीय सामुदायिक हॉल, 4 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तिरुवमाथुर अभिरामेश्वर मंदिर में एक विवाह हॉल और 2 करोड़ रुपये की लागत से विल्लुपुरम नगर पालिका कार्यालय भवन को सार्वजनिक उपयोग के लिए टाउन हॉल में परिवर्तित किया जाएगा।
इससे पहले स्टालिन ने जिले के तिंडीवनम में एक रोडशो किया और बाद में जिला कलेक्टर सी. पलानी और अन्य अधिकारियों के साथ ओलक्कुर में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
लाभार्थियों को कल्याण सहायता वितरित करने के अलावा, स्टालिन ने 425 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 133 करोड़ रुपये की नयी परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
भाषा अमित