उप्र: मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी और उसके तीन साथी मारे गए, पुलिस निरीक्षक भी घायल
सं आनन्द राजकुमार
- 21 Jan 2025, 04:41 PM
- Updated: 04:41 PM
लखनऊ, 21 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी और उसके तीन साथी मारे गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार सोमवार तथा मंगलवार की दरम्यानी रात झिंझाना थानाक्षेत्र में बिड़ौली चौसाना रोड पर उदपुर भट्टे के पास हुई इस मुठभेड़ में एसटीएफ के एक निरीक्षक को भी गोलियां लगी हैं।
एसटीएफ के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमिताभ यश ने एक बयान में बताया, ‘‘सोमवार तथा मंगलवार की दरम्यानी रात एसटीएफ (मेरठ) की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में मुस्तफा कग्गा गिरोह के सदस्य अरशद और उसके तीन अन्य साथी मंजीत, सतीश एवं एक अज्ञात मारे गए।’’
यश ने बताया, ‘‘अरशद, सहारनपुर के बेहट थाने में दर्ज लूट के एक मामले में वांछित था। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ने उस पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा कर रखी थी। अरशद के खिलाफ डकैती, लूट और हत्या के लगभग 21 मामले दर्ज हैं।’’
उन्होंने बताया कि एसटीएफ टीम का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक सुनील कुमार को मुठभेड़ के दौरान कई गोलियां लगी हैं और उन्हें पहले हरियाणा के करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में चिकित्सकीय सलाह पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के एक बयान के अनुसार मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने .30 बोर की कार्बाइन, .30 बोर की एक पिस्तौल, .32 बोर की एक पिस्तौल, 315 बोर के दो तमंचे, 315 बोर का एक पौनिया, 25 अदद जिंदा कारतूस .30 बोर के अलावा विभिन बोर के कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों की सफेद रंग की ब्रेजा कार भी पुलिस ने जब्त कर ली।
एसटीएफ के अनुसार 2011 में कुख्यात सरगना मुस्तफा उर्फ कग्गा के पुलिस मुठभेड़ में सहारनपुर में मारे जाने के बाद इस गिरोह की कमान शातिर अपराधी मुकीम काला ने संभाली थी। मुकीम काला को 2015 में एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2021 में चित्रकूट जिला कारागार में गैंगवार में मुकीम काला मारा गया। उसकी मौत के बाद अरशद ने गिरोह की कमान संभाल ली l
एसटीएफ के मुताबिक हरियाणा के शूटर मनजीत दहिया को साथ मिलाकर अरशद ने गैंग को पुनर्जीवित किया और हत्या, लूट समेत विभिन्न आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया।
एसटीएफ के अनुसार सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के बाढ़ी माजरा निवासी अरशद के खिलाफ कुल 21 मामले दर्ज हैं। सोनीपत निवासी मनजीत उर्फ ढिल्ला के खिलाफ हरियाणा, सहारनपुर और शामली में कुल पांच मामले तथा करनाल निवासी सतीश के खिलाफ हरियाणा के करनाल और पानीपत तथा उत्तर प्रदेश के शामली में चार मामले दर्ज हैं।
भाषा सं आनन्द