दिल्ली में मतदाताओं को लुभाने के लिए उत्पादों पर आकर्षक संदेश लिख रहे हैं रजनीतिक दल
पारुल रंजन
- 19 Jan 2025, 05:12 PM
- Updated: 05:12 PM
नयी दिल्ली, 19 जनवरी (भाषा) दिल्ली का सियासी माहौल गर्म है और कार्यकर्ता राजनीतिक दलों के प्रति अपनी निष्ठा साबित करने तथा मतदाताओं को लुभाने के लिए रचनात्मक तरीके से तैयार विविध उत्पादों का सहारा ले रहे हैं, जिन पर आकर्षक वाक्यांश एवं संदेश लिखे हुए हैं।
आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और अन्य दल विभिन्न उत्पादों पर लिखे चुटीले, आकर्षक एवं व्यक्तिगत अपील वाले संदेशों के जरिये चुनावी दौड़ में एक-दूसरे से आगे निकलने का प्रयास कर रहे हैं।
सर्दियों के मौसम में मतदाताओं को लुभाने के लिए कार्यकर्ता स्वेटर, स्टोल, टी-शर्ट, स्कार्फ, धूप के चश्मे, चाबी के छल्ले, कार पर लगाए जाने वाले झंडे एवं कटआउट, पेन, पोस्टर और यहां तक कि माउसपैड तक बांट रहे हैं।
एक नेता ने कहा, "पार्टी के चुनाव चिह्न और नारे वाले ये अनोखे उत्पाद न सिर्फ प्रचार का साधन हैं, बल्कि समर्थकों को ज्यादा व्यक्तिगत और जीवंत रूप से लुभाने का कारगर तरीका भी हैं।"
'आप' ने अपने प्रचार के लिए नीले और पीले रंग के स्वेटर व स्टोल पेश किए हैं।
सदर बाजार में राजनीतिक सामान की आपूर्ति करने वाले एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता विक्रम ने कहा, "इनमें आगे की तरफ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का चेहरा और पीछे की तरफ पार्टी का चुनाव चिह्न है, जो उन्हें पहली नजर में अलग दिखाता है।"
'आप' ने खासतौर पर डिजाइन किए गए चाबी के गुच्छे, रिस्ट बैंक (कलाई पर बांधने वाले पट्टे), बैज और कार पर लगाए जाने वाले झंडे भी ऑर्डर किए हैं।
विक्रम ने कहा, "हमने चुनावी रैलियों के लिए 2,000 से 2,500 बड़े झंडों और 5,000 छोटे झंडों के गट्ठर तैयार किए हैं। झंडों की कीमत सामग्री और आकार के आधार पर 2.50 रुपये प्रति झंडा से लेकर 165 रुपये प्रति झंडा तक है।"
भाजपा अपने चुनाव प्रचार में ऐसे उत्पादों का सहारा ले रही है, जो अलग होने के साथ-साथ एक नजर में लोगों का ध्यान खींचते हैं।
विक्रम ने कहा, "पार्टी ने ऑरेंज रंग के धूप के चश्मे का ऑर्डर दिया है, जिस पर सफेद रंग से पार्टी का नाम लिखा हुआ है। उसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चित्र वाली टी-शर्ट का भी ऑर्डर दिया है, जिस पर लोग अपने चित्र भी छपवा सकते हैं।"
वहीं, कांग्रेस ने रोजमर्रा के जीवन में उपयोगी चीजों को चुना है। विक्रम के मुताबिक, पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर ऐसे माउसपैड, पेन और चाबी के छल्ले के ऑर्डर दिए हैं, जिन पर कांग्रेस का चुनाव चिह्न छपा हो।
आपूर्तिकर्ताओं ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में राजनीतिक प्रचार सामग्री की मांग 60 फीसदी तक बढ़ गई है।
सदर बाजार के एक अन्य व्यापारी ने कहा, "चुनाव का मौसम हमारे लिए सबसे व्यस्त समय होता है। इस साल प्रचार सामग्री में असाधारण रचनात्मकता और विविधता देखने को मिल रही है।"
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होगा, जबकि वोटों की गिनती आठ फरवरी को की जाएगी।
भाषा पारुल