लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग कैप्टन अजय पंत के मामले की निगरानी कर रहा है: उत्तराखंड सरकार
जोहेब
- 25 Jun 2026, 07:45 PM
- Updated: 07:45 PM
देहरादून, 25 जून (भाषा) लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने उत्तराखंड सरकार को बताया है कि ब्रिटेन में रूस के एक 'शैडो फ्लीट' को रोकने के अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए कैप्टन अजय पंत के मामले की सतत निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, भारतीय उच्चायोग ने यह जानकारी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र लिखकर दी है।
उच्चायोग ने बताया कि कैप्टन पंत फिलहाल एचएमपी विनचेस्टर में न्यायिक हिरासत में हैं और 19 जून को उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था।
पत्र के मुताबिक, इस बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने खुद को स्वस्थ बताते हुए जानकारी दी कि उन्हें जेल परिसर में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा वह अपनी पत्नी से भी नियमित संपर्क में हैं।
उच्चायोग ने यह भी बताया है कि इस मामले को ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) के समक्ष उठाया गया है, ताकि कैप्टन पंत को समयबद्ध कांउसलर की मदद भी मिल सके और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
पत्र में कहा गया है कि उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनकी नियोक्ता कंपनी एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए है।
उच्चायोग के मुताबिक नियोक्ता कंपनी ने कैप्टन पंत को कानूनी सहायता एवं परिवार को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
कैप्टन पंत फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की अगली सुनवाई आगामी 16 जुलाई को होनी है।
उच्चायोग ने मुख्यमंत्री को बताया कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आवश्यक कांउसलर सहायता और सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार उत्तराखंड के निवासियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा कैप्टन अजय पंत के मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय एवं भारतीय उच्चायोग के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित सभी एजेंसियां कैप्टन पंत को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
कैप्टन पंत को इंग्लिश चैनल में रूस के एक 'शैडो फ्लीट' को रोकने के लिए नेशनल क्राइम एजेंसी और ब्रिटिश आर्म्ड फोर्सेज के एक संयुक्त अभियान के दौरान 14 जून को गिरफ़्तार किया गया था। "शैडो फ्लीट" का अर्थ है ऐसे जहाजों का बेड़ा होता है जो औपचारिक निगरानी व नियमों से बचते हुए काम करता है।
भाषा दीप्ति जोहेब
जोहेब
जोहेब
जोहेब
2506 1945 देहरादून