ट्रंप के रक्षा बजट को बढ़ाकर 1500 अरब अमेरिकी डॉलर करने का प्रस्ताव
माधव
- 03 Apr 2026, 09:34 PM
- Updated: 09:34 PM
(शीर्षक में सुधार के साथ)
वॉशिंगटन, तीन अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को जारी अपने 2027 के बजट में रक्षा खर्च को बढ़ाकर 1500 अरब अमेरिकी डॉलर (1.5 ट्रिलियन डॉलर) करने का प्रस्ताव रखा है, जो दशकों में इस तरह का सबसे बड़ा रक्षा बजट प्रस्ताव है।
बजट में घरेलू कार्यक्रमों की तुलना में अमेरिकी सैन्य निवेश पर जोर दिया गया है।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय 'पेंटागन' के लिए इस भारी वृद्धि का संकेत रिपब्लिकन पार्टी के नेता एवं राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाले युद्ध से पहले ही दे दिया था।
राष्ट्रपति की योजना के तहत कुछ जिम्मेदारियों को प्रांतीय और स्थानीय सरकारों को सौंपकर गैर-रक्षा कार्यक्रमों पर होने वाले खर्च में 10 प्रतिशत की कमी भी की जाएगी।
बजट दस्तावेज में कहा गया है, ''राष्ट्रपति ट्रंप शांति को कायम करने के लिए हमारी सेना के पुनर्निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
बजट दस्तावेज आमतौर पर किसी प्रशासन की प्राथमिकताओं को उजागर करता है, लेकिन संघीय व्यय संबंधी मुद्दों को संभालने वाली कांग्रेस इसे अस्वीकार करने के लिए स्वतंत्र है और अक्सर ऐसा करती भी है।
इस वर्ष के व्हाइट हाउस दस्तावेज का उद्देश्य राष्ट्रपति से कांग्रेस तक एक रोडमैप प्रदान करना है, ताकि सांसद सरकार को वित्त पोषित रखने के लिए अपने स्वयं के बजट और वार्षिक विनियोग विधेयक तैयार कर सकें।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय एवं आवास 'व्हाइट हाउस' में बुधवार को आयोजित एक निजी कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा, '' हम युद्ध लड़ रहे हैं। हम 'डे-केयर' (देखभाल केंद्र) जैसी चीजों की जिम्मेदारी नहीं उठा सकते।''
उन्होंने कहा, '' हमारे लिए देखभाल केंद्र, चिकित्सा देखभाल आदि जैसी व्यक्तिगत योजनाओं का खर्च उठाना संभव नहीं है। इन्हें राज्य स्तर पर संभाला जा सकता है। इनका बोझ आप संघीय स्तर पर नहीं डाल सकते।''
व्हाइट हाउस ने बजट प्राथमिकताओं में निम्नलिखित बातों का आह्वान किया है:
-शरणार्थी पुनर्वास सहायता कार्यक्रमों को समाप्त करके और आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन निधि को चालू वर्ष के स्तर पर बनाए रखकर, ट्रंप प्रशासन के आव्रजन प्रवर्तन और निर्वासन अभियानों का समर्थन करना।
- न्याय विभाग के लिए धनराशि में 13 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
- वाशिंगटन डी.सी. में सौंदर्यीकरण परियोजनाओं के लिए राष्ट्रीय उद्यान सेवा के अंतर्गत 10 अरब अमेरिकी डॉलर का कोष।
- विमानन सुरक्षा को बढ़ाने और हवाई यातायात नियंत्रक की भर्ती में तेजी लाने के लिए धनराशि में 48.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर की वृद्धि की गई है।
एपी
देवेंद्र माधव
माधव
माधव
माधव
0304 2134 वाशिंगटन